BJP leader murder: भाजपा नेता वसीम बारी की हत्या ,10 पुलिसकर्मी गिरफ्तार, नड्डा बोले-व्यर्थ नहीं जाएगा बलिदान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 9, 2020, 06:47 AM IST

BJP leader Waseem Bari Murder: आतंकवादियों ने बुधवार रात बांदीपोरा में भाजपा नेता वसीम बारी की गोली मारकर हत्या कर दी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

BJP leader murder: भाजपा नेता वसीम बारी की हत्या ,10 पुलिसकर्मी गिरफ्तार, नड्डा बोले-व्यर्थ नहीं जाएगा बलिदान

श्रीनगर : बांदीपोरा में भाजपा नेता वसीम बारी की हत्या मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपने 10 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को आतंकियों के हमले में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बारी और उनके परिवार के दो सदस्यों की मौत हुई है। पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में 10 पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की। ये सभी पुलिसकर्मी शेख वसीम के पीएसओ के रूप में तैनात थे। 

पुलिसकर्मियों पर थी बारी की सुरक्षा की जिम्मेदारी 
इस भीषण हमले के खिलाफ भाजपा के युवा मोर्चा ने जम्मू में विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने अपने एक ट्वीट में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर वसीम बारी की बर्बरता पूर्वक हत्या के बारे में जानकारी ली है और उनके परिवार के प्रति संवेदना जाहिर की है। जानकारी के मुताबिक बारी और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए ये 10 पुलिसकर्मी जिम्मेदार थे। बताया जा रहा है कि हमले के समय ये पुलिसकर्मी बारी की इमारत के प्रथम तल पर बैठे थे। इस तल पर बारी का परिवार रहता है और यहां एक दुकान भी है।

सुरक्षा में खामी की जांच होगी
इस घटना की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने बताया, 'चूंकि घर और दुकान एक साथ हैं इसलिए पीएसओ को फर्स्ट फ्लोर पर मौजूद रहने की इजाजत थी।' अधिकारी ने बताया कि इस सुरक्षा में खामी की जांच शुरू कर दी गई है। इस हमले में भाजपा नेता वसीम के अलावा उनके पिता बशीर अहमद एवं उनके भाई उमर बशीर की मौत हुई है। इन सभी को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले के वक्त ये लोग अपनी दुकान पर बैठे थे।

उमर अब्दुल्ला ने निंदा की
इस हमले की भाजपा नेताओं सहित राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने निंदा की है। केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि आतंकियों के इस बर्बर हमले से वह हिल गए हैं। आतंकियों के निशाने पर सॉफ्ट टॉर्गेट्स हैं। भाजपा नेता राम माधव ने कहा, 'भाजपा के युवा नेता वसीम बारी की हत्या से सदमे में और दुखी हूं। मैं उनके परिवार को अपनी श्रद्धांजलि देता हूं।' उमर ने अपने एक ट्वीट में कहा, 'भाजपा नेता एवं उनके पिता पर हुए आतंकी हमले के बारे में सुनकर दुखी हूं। मैं इस हमले की निंदा करता हूं।'

नड्डा बोले-व्यर्थ नहीं जाएगा बलिदान
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, 'बारी की हत्या से पार्टी को भारी नुकसान हुआ है। मेरा उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना जाहिर करता हूं। पीड़ित परिवार के साथ पूरी भाजपा खड़ी है। मैं भरोसा देता हूं कि कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।'
 

End of Article