बिहार में कोरोना संक्रमण के बीच विधायक की गाड़ी से मिली शराब की बोतलें, 'नेताजी' ने दी सफाई

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 14, 2020, 07:41 AM IST

Bihar Liquor News: बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के बीच एक विधायक की गाड़ी से शराब की बातलें मिली हैं। पुलिस ने इस सिलसिले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिहार में कोरोना संक्रमण के बीच विधायक की गाड़ी से मिली शराब की बोतलें, 'नेताजी' ने दी सफाई
Photo Credit: BCCL

बक्‍सर : बिहार में कोरोना संक्रमण के बीच एक विधायक की गाड़ी से शराब की बोतलें बरामद की गई हैं, जिसके बाद यहां प्रशासनिक हलके में हलचल मची हुई है। बिहार में बक्सर सदर के विधायक संजय कुमार तिवारी की गाड़ी से बोतलें जब्‍त की गई हैं। हालांकि उस वक्‍त वह कार में मौजूद नहीं थे। विधायक का कहना है कि उनकी कार का इस्‍तेमाल जरूरतमंदों को सामान पहुंचाने के लिए होता रहा है। उन्‍हें नहीं मालूम कि शराब की बोतलें कैसे उनके वाहन में पहुंचीं। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को पकड़ा है।

वाहन में मिली शराब की बोतलें
वाहन में शराब की बोतलें होने का मामला उस वक्‍त प्रकाश में आया, जब सिमरी पुलिस स्‍टेशन क्षेत्र में गाड़‍ियों की जांच की जा रही थी। बक्‍सर के एसपी उपेंद्र नाथ शर्मा ने बताया कि पुलिस ने चर लोगों को रोका। वाहन एप पर जांच से पता चला कि यह गाड़ी विधायक की है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों और कार मालिक के खिलाफ एफआईआई दर्ज कर ली है।

विधायक की सफाई
इस मामले में अपनी सफाई देते हुए विधायक ने कहा कि लॉकडाउन के बाद से ही उनकी कार का इस्‍तेमाल जरूरतमंदों को राशन पहुंचाने के लिए किया जा रहा था। बुधवार को भी उनकी गाड़ी जगदीशपुर में जरूरतमंदों के बीच आवश्‍यक सामग्री पहुंचाने गई थी। उन्‍होंने हैरानी जताते हुए कहा कि उन्‍हें नहीं मालूम कि उनकी कार सिमरी पुलिस स्‍टेशन क्षेत्र में कैसे पहुंची। उन्‍होंने कहा कि वह इस बारे में उन लोगों से बात करेंगे, जो राशन लेकर जरूरतमंद लोगों के बीच बांटने गए थे। उन्‍होंने यह भी कहा कि यह उनके खिलाफ कोई साजिश हो सकती है और अगर ऐसा है तो सरकार को इस संबंध में उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

यहां उल्‍लेखनीय है कि देशभर में लॉकडाउन के तीसरे चरण में शराब की दुकानें खोलने की अनुमति दी गई है, लेकिन बिहार में अप्रैल 2016 से ही शराब पर पूरी तरह प्रतिबंध है, जिसकी घोषणा मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने नवंबर 2015 में ही की थी। 

End of Article