नई दिल्ली: तीसरे चरण के चुनाव में बंगाल के माहौल में कुछ गर्मी रही। दरअसल सुबह सुबह में टीएमसी नेता के घर से ईवीएम मिलने के बाद सियासी तूफान खड़ा हो गया हालांकि चुनाव आयोग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट को सस्पेंड कर दिया। इसके बाद दोपहर होते होते आरामबाग से टीएमसी उम्मीदवार सुजाता मंडल ने बीजेपी के कार्यकर्ताओं पर संगीन आरोप लगाए। उन्होने कहा की सीआरपीएफ की मौजूदगी में उनके ऊपर हमला किया गया। इस संबंध में टीएमसी ने चुनाव आयोग से शिकायत करने का फैसला किया है।
बंगाल में तीसरे चरण की वोटिंग
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में आज 31 सीटों पर वोट डाले गए। इस चरण में 78.5 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं, जिन्हें 205 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करना है। प्रमुख उम्मीदवारों में भाजपा नेता स्वप्न दासगुप्ता, तृणमूल कांग्रेस के मंत्री आशिमा पात्रा, माकपा नेता कांति गांगुली प्रमुख नेता हैं। जिन 31 सीटों पर आज मतदान हो रहा है उनमें से 2016 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 30 सीटें जीती थीं और कांग्रेस हावड़ा जिले की अमता विधानसभा सीट ही जीत पायी थी।
Voting Updates Live:
असम में अंतिम चरण का मतदान
असम विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के लिए 40 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। तीसरे चरण में नेडा के संयोजक और राज्य के मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा सहित 337 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में सील हो जाएगा। चुनाव प्रचार समाप्त होने से पहले उम्मीदवार अंतिम समय तक प्रचार करते रहे। इनमें 25 महिला प्रत्याशी भी हैं।
तमिलनाडु और पुदुचेरी में सिंगल फेज वोटिंग
तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों के लिए 6.28 लाख से अधिक मतदाता उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला करेंगे। यहां 3998 उम्मीदवार चुनावी अखाड़े में ताल ठोक रहे हैं। राज्य में इस बार मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक और द्रमुक के बीच है।
केरल में भी एकमात्र चरण का मतदान आज
केरल में इस बार 2.74 करोड़ मतदाता राज्य विधानसभा की 140 सीटों के लिए चुनाव मैदान में उतरे 957 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य के कुल मतदाताओं में 1,32,83,724 पुरुष, 1,41,62,025 महिला और 290 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

