Bihar: क्यों नहीं, सभी रास्ते खुले हैं- BJP में जाने के सवाल पर बोले RCP सिंह, कभी नीतीश के थे खास

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 18, 2022, 08:28 PM IST

कभी नीतीश के खास रहे आरसीपी सिंह ने कहा है कि देश में राजनीतिक अस्थिरता का दौर नहीं है, इसलिए नीतीश पीएम नहीं बन सकते हैं।

Bihar: क्यों नहीं, सभी रास्ते खुले हैं- BJP में जाने के सवाल पर बोले RCP सिंह, कभी नीतीश के थे खास
Photo Credit: Facebook

कभी नीतीश के खास रहे जदयू के पूर्व नेता आरसीपी सिंह ने इशारों-इशारों में साफ कर दिया है कि वो बीजेपी जॉइन करेंगे। आरसीपी सिंह से जब बीजेपी में शामिल होने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि क्यों नहीं, उनके सामने सभी विकल्प खुले हुए हैं।

गुरुवार को भी आरसीपी सिंह, नीतीश कुमार पर जमकर बरसते दिखे। उन्होंने फिर कहा कि नीतीश कभी भी पीएम नहीं बन सकते हैं। आरसीपी सिंह ने कहा- "अभी देश में राजनीतिक अस्थिरता का समय नहीं है, एक समय था चंद्रशेखर, एच डी देवेगौड़ा, आई के गुजराल ने प्रधानमंत्री के रूप में संक्षिप्त कार्यकाल का आनंद लिया था।"

उन्होंने नीतीश के उन आरोपों को भी खारिज कर दिया, जिसमें बिहार के सीएम ने आरसीपी सिंह पर बीजेपी के लिए काम करने का आरोप लगाया था। JDU ने कहा था कि आरसीपी सिंह, पार्टी और नीतीश कुमार की मर्जी के बिना ही केंद्र में मंत्री बने थे। सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नीतीश से लेकर ललन सिंह तक को इसके बारे में जानकारी थी।

उन्होंने JDU से सवाल पूछते हुए कहा- " अगर तोड़फोड़ हुई थी तो विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद गठबंधन क्यों नहीं तोड़ दिया गया था? अगर मैं बिना सहमति के मंत्री बना था तो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मुझे बधाई क्यों दी थी?"

जदयू के पूर्व नेता नीतीश कुमार पर जनादेश का अपमान करने का आरोप लगाते हुए सिंह ने कहा कि उन्होंने इसके लिए काफी पहले से मन बना लिया था। आरसीपी सिंह ने कहा- " उन्होंने 2020 के उस जनादेश को धोखा देने का मन बना लिया था, जिसमें लोगों ने एनडीए को सत्ता में वापस लाने के लिए वोट दिया था। मुझे सिर्फ इसे सही ठहराने के लिए एक बहाने के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है"।

बता दें कि आरसीपी सिंह का जदयू ने इस बार राज्यसभा टिकट काट दिया था, जिसके बाद उन्हें पीएम मोदी के मंत्रिमंडल से बाहर होना पड़ गया था। इसके बाद से ही उनके और पार्टी के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा था, जिसके बाद आरसीपी सिंह ने जदयू से इस्तीफा दे दिया था।

End of Article