तेलंगाना: ट्रेनर विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त, महिला ट्रेनी पायलट की मौत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 26, 2022, 04:41 PM IST

तेलंगाना के नलगोंडा जिले में एक ट्रेनर विमान दुर्घटना में एक महिला ट्रेनी पायलट की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि एक निजी विमानन प्रशिक्षण कंपनी का विमान शनिवार सुबह खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

तेलंगाना: ट्रेनर विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त, महिला ट्रेनी पायलट की मौत
Photo Credit: IANS

तेलंगाना के नलगोंडा जिले में शनिवार को एक निजी विमानन अकादमी का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक महिला ट्रेनी पायलट की मौत हो गई। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि वह स्तब्ध हैं और एक जांच दल दुर्घटनास्थल पर पहुंच रहा है। 

एक पुलिस अधिकारी ने प्रारंभिक सूचना का हवाला देते हुए कहा कि पड़ोसी आंध्र प्रदेश की ओर से आया विमान दोपहर से पहले जिले के एक गांव में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारी ने कहा कि महिला प्रशिक्षु पायलट की मौके पर ही मौत हो गई और आगे के विवरण का पता लगाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पीड़िता तमिलनाडु की रहने वाली है। वह हैदराबाद स्थित एक प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण ले रही थी, जो नागार्जुन सागर से संचालित होता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान नागार्जुन सागर से उड़ान भर रहा था, वह जमीन पर जा गिरा और करीब 11.30 बजे आग की लपटों में घिर गया।

सिंधिया ने ट्विटर पर कहा कि नलगोंडा में एक प्रशिक्षण विमान के दुखद दुर्घटना के बारे में सुनकर वह स्तब्ध हैं। मौके पर जांच टीम भेजी गई है। दुर्भाग्य से, हमने स्टूडेंट पायलट को खो दिया। मंत्री ने शोक संतप्त परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।

End of Article