किसानों को गया सरकार का फोन, समिति के लिए मांगे 5 नाम, संयुक्त किसान मोर्चा ने कही ये बात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 30, 2021, 10:27 PM IST

केंद्र सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए समिति गठित करने को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) से पांच लोगों के नाम मांगे हैं।

किसानों को गया सरकार का फोन, समिति के लिए मांगे 5 नाम, संयुक्त किसान मोर्चा ने कही ये बात

नई दिल्ली: कृषि कानूनों के वापसी के बाद सरकार ने किसानों की अन्य मांगों को लेकर आगे की रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। किसानों के पास सरकार का फोन गया है और बातचीत के लिए 5 किसान नेताओं के नाम मांगे गए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने पुष्टि की है कि भारत सरकार की ओर से पंजाब किसान संघ के नेता को एक टेलीफोन कॉल आया था, जिसमें सरकार चाहती थी कि एसकेएम की ओर से एक समिति के लिए पांच नामों का सुझाव दिया जाए।

एसकेएम ने आगे कहा कि हालांकि, हमें इस बारे में कोई लिखित सूचना नहीं मिली है और न ही इस बारे में कोई विवरण उपलब्ध है कि यह समिति किस बारे में है, इसके संदर्भ की शर्तें क्या हैं। इस तरह के विवरण के अभाव में इस मुद्दे पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी।

संयुक्त किसान मोर्चा ने इसके अलावा बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री और हरियाणा किसान संघ के नेताओं के बीच कल बैठक की खबर के संबंध में हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि हमें अभी तक हरियाणा सरकार से कोई औपचारिक या अनौपचारिक निमंत्रण नहीं मिला है। अभी तक कोई बैठक निर्धारित नहीं की गई है।

किसान नेता दर्शनपाल ने कहा कि किसान संगठन इस मामले में चार दिसंबर को होने वाली बैठक में फैसला लेंगे। मोर्चा ने मंगलवार को जारी एक बयान में यह स्पष्ट किया कि लंबित मांगों और किसान आंदोलन के भविष्य के कदमों पर निर्णय लेने के लिए होने वाली बैठक बुधवार के बजाय चार दिसंबर को होगी। 

End of Article