गाय ने खा लिया विस्फोटक, मुंह में हुआ ब्लास्ट, हो गई गंभीर घायल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 29, 2020, 04:58 PM IST

Andhra Pradesh Cow: आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के एक गांव में एक गाय ने गलती से विस्फोटक खा लिया, जो उसके मुंह में ब्लास्ट कर गया। गाय को काफी चोट आई है।

गाय ने खा लिया विस्फोटक, मुंह में हुआ ब्लास्ट, हो गई गंभीर घायल
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: जंगली जानवरों के लिए जंगल में रखे एक कच्चे बम को एक गाय ने काट लिया। इसके बाद बम  जब ब्लास्ट हुआ, तो गाय को जबड़े में चोट लग गई। यह घटना आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के पेड्डा पंजनी मंडल के कोगिलेरू गांव में हुई। गाय ने कच्चे बम को फल समझकर या कुछ खाने वाली चीज समझकर खा लिया। ये घटना शनिवार शाम की है। गाय 'गोमाता पीठम' नामक एक गाय आश्रय से संबंधित थी। ये आश्रय लगभग 70 गायों की देखभाल कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात पशु शिकारियों ने जंगली सूअरों को फंसाने के लिए स्थानीय स्तर पर बनाए गए विस्फोटक लगाए थे। गाय ने इस विस्फोटक का सेवन किया, जो उसके मुंह में विस्फोट कर गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। 

गाय को बेहतर इलाज के लिए तिरुपति भेजा गया

पंजनी सब इंस्पेक्टर लोकेश रेड्डी ने कहा, 'रविवार शाम करीब 4.30 बजे गायों को चरने के लिए जंगल में छोड़ दिया जाता है। एक गाय ने गलती से एक कच्चे बम को काट लिया, जो कि जंगली जानवरों के लिए लगाया गया था। बम ब्लास्ट होने से गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत इलाज के लिए ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गाय को तिरुपति स्थानांतरित कर दिया गया।' 

पुलिस द्वारा मामला दर्ज किया गया

गोशाला के आयोजक एस अर्जुन रेड्डी ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उनकी शिकायत के आधार पर पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 286, 429 और 11 के तहत और विस्फोटक अधिनियम की धारा 9 बी (i) (बी) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह इस क्षेत्र में पहली बार नहीं है कि जानवर घायल हुए हैं। हम वन विभाग से इसके खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध करते हैं।

End of Article