Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश में रविवार तड़के विजयवाड़ा में पटाखों की कई दुकानों में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आग की चपेट में आने वाली तीन दुकानों में से एक दुकान में मजदूर सो रहे थे। आग लगन से पटाखों की तीन दुकानें पूरी तरह से जल गईं। पुलिस और दमकलकर्मियों को अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में पटाखों की दुकानों में लगी आग
आग के कारण हुई विस्फोटक आवाज के बाद आसपास के घरों में रहने वाले लोगों की नींद उड़ गई। पटाखों की दुकान के ठीक सामने एक फ्यूल स्टेशन है, लेकिन अच्छी बात ये रही कि आग नहीं फैली क्योंकि आग बुझाने के लिए कम से कम चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं थी।
स्थानीय विधायक और शहर के पुलिस आयुक्त ने किया घटनास्थल का दौरा
स्थानीय विधायक मल्लादी विष्णु और शहर के पुलिस आयुक्त के आर टाटा ने स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया। पेट्रोल पंप के ठीक सामने पटाखों की दुकानों की अनुमति देने पर स्थानीय निवासियों ने इसका विरोध किया था। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने अधिकारियों से पूछा कि अगर पेट्रोल पंप पर चिंगारी उड़ जाती तो क्या होता?
