Morena : मध्य प्रदेश के मुरैना में गुरुवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना भीषण था कि इमारत में पटाखा बना रहे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि तीन मंजिला इमारत जमींदोज हो गई। धमाके के बाद वहां अफरा-तफरा मच गई। लोग बदहवास होकर इधर-ऊधर भागने लगे। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। घटनास्थल पर प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी पहुंचे हैं। वहां राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। चंबल रेंज के आईजी राकेश चावला ने हालांकि बताया कि इस विस्फोट में तीन लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति लापता है।
यह घटना मुरैना के बानमौर नगर में जैतपुर रोड की है। बताया जा रहा है कि इस इमारत में पटाखों के गोदाम के अलावा किराएदार भी रहते थे।
सितंबर में यूपी के अमरोहा में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट
दिवाली के मौके पर कई राज्यों में पटाखों की बिक्री पर रोक लगी हुई है फिर भी इन अवैध फैक्ट्रियों में पटाखे तैयार किए जा रहे हैं। पिछले महीने यूपी के अमरोहा में एक पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ। विस्फोट के बाद वहां काम कर रहे चार लोग मलबे में दब गए। बाद में दो लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि दो लोगों को मामूली चोटें आईं।
सहारनपुर में विस्फोट
गत मई महीने में सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र के सौराना गांव के पास एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हुआ। इस विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
