देश

मुंबई नहीं आए एकनाथ शिंदे, अचानक से दिल्ली रवाना हुए अजित पवार, महायुति में सब कुछ ठीक नहीं!

Maharashtra : महाराष्ट्र में महायुति की बैठक टलने से सरकार के गठन पर गतिरोध बना हुआ है। राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अभी सतारा स्थित अपने आवास पर ही मौजूद हैं। शिंद के मुंबई न आने पर सियासी गलियारे में अटकलें लगनी भी शुरू हो गई हैं। इस बीच, राज्य के डिप्टी सीएम अजित पवार को दिल्ली बुलाया गया है।

Image

महाराष्ट्र में नतीजों के 10 दिन बाद भी सरकार का गठन नहीं हो पाया है।

Maharashtra : महाराष्ट्र में महायुति की बैठक टलने से सरकार के गठन पर गतिरोध बना हुआ है। राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अभी सतारा स्थित अपने आवास पर ही मौजूद हैं। शिंद के मुंबई न आने पर सियासी गलियारे में अटकलें लगनी भी शुरू हो गई हैं। इस बीच, राज्य के डिप्टी सीएम अजित पवार को दिल्ली बुलाया गया है। वह सोमवार शाम भाजपा आलाकमान से मुलाकात के लिए रवाना भी हो गए। सरकार के गठन पर हो रही देरी और बैठक के लिए सीएम शिंदे के नहीं पहुंचने पर चर्चाओं का बाजार गर्म होने लगा है। इस बीच, अजित पवार की दिल्ली रवानगी भी एक अलग संकेत दे रही है।

चार दिसंबर को होगी भाजपा विधायकों की बैठक

महाराष्ट्र भाजपा ने कहा है कि चार दिसंबर को सुबह 10 बजे उसके विधायकों की बैठक होगी। यह बैठक महाराष्ट्र विधान भवन में होगी।

सीतारमण, रूपाणी पर्यवेक्षक नियुक्त

इस बीच भाजपा ने महाराष्ट्र में पार्टी विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘पार्टी के संसदीय बोर्ड ने महाराष्ट्र में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिये विजय रूपाणी और निर्मला सीतारमण को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।’ जो विधायक नेता चुने जाएंगे, उनका राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनना लगभग तय हो जाएगा। इस बारे में भाजपा की ओर से अभी तक कोई संकेत नहीं दिए गए हैं लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस दौड़ में पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस सबसे आगे हैं।

230 सीटों पर जीता है महायुति

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति को भारी जीत मिली है। महायुति ने 288 सदस्यीय विधानसभा में 230 सीट पर जीत हासिल की है। भाजपा ने सबसे ज्यादा 132 सीट पर जीत दर्ज की, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 57 और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को 41 सीट मिलीं। चुनावी नतीजों की घोषणा के एक सप्ताह से अधिक समय बाद भी महाराष्ट्र में नयी सरकार का गठन नहीं हुआ है।

भाजपा के नए सीएम का समर्थन करूंगा-शिंदे

कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि वह नये मुख्यमंत्री के चयन को लेकर भाजपा के फैसले का समर्थन करेंगे। उनकी इस घोषणा के बाद लगभग यह स्पष्ट हो गया है कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा। भाजपा ने घोषणा की है कि नयी महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह पांच दिसंबर की शाम दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में होगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसमें शामिल होंगे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि चार दिसंबर को पार्टी विधायक दल की बैठक हो सकती है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!