Ajit Pawar Funeral: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके पैतृक गढ़ बारामती में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। बुधवार को एक भीषण विमान हादसे में उनके असामयिक निधन ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है। 'दादा' की अंतिम विदाई के लिए बारामती में जनसैलाब उमड़ पड़ा है।
अंतिम यात्रा का पूरा शेड्यूल
अजित पवार के पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई देने के लिए प्रशासन और परिवार ने विस्तृत योजना तैयार की है। आज सुबह अजित पवार का पार्थिव शरीर अहिल्याबाई होलकर सरकारी मेडिकल कॉलेज से बाहर निकाला। सुबह 8:00 बजे पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव कठेवाड़ी ले जाया जाएगा, जहां उनके परिजन और करीबी अंतिम विदाई देंगे। सुबह 9:00 बजे बारामती के गदिमा ऑडिटोरियम से उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी। यह यात्रा विद्यानगरी चौक, भिगवन सर्विस रोड और विद्या प्रतिष्ठान के अंदरूनी रास्तों से होते हुए मुख्य मैदान तक पहुंचेगी। सुबह 11:00 बजे बारामती के विद्या प्रतिष्ठान कॉलेज ग्राउंड में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
विद्या प्रतिष्ठान में उमड़ी समर्थकों की भीड़
बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान को अंतिम दर्शन के लिए तैयार किया गया है। बुधवार देर रात से ही यहां कार्यकर्ताओं और आम जनता का तांता लगा हुआ है। अपने चहेते नेता की एक झलक पाने के लिए लोग भावुक होकर "अजित दादा अमर रहें" के नारे लगा रहे हैं। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
अजित पवार के अंतिम संस्कार में देश और राज्य के कई बड़े नेता शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और कैबिनेट के सभी मंत्री विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड पहुंचेंगे। इसके अलावा राजनीतिक गलियारों के तमाम दिग्गज नेता 'दादा' को श्रद्धांजलि देने बारामती पहुंच रहे हैं।
राज्य में तीन दिनों का शोक
महाराष्ट्र सरकार ने अजित पवार के निधन पर तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। बुधवार को राज्य में सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया था।
