देश

अजित पवार गुट की NCP के समर्थन वाले पैनल को कामयाबी, बारामती में पंचायत चुनाव में दर्ज की भारी जीत

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 7, 2023, 08:58 AM IST

महाराष्ट्र में 2,359 ग्राम पंचायतों और 130 रिक्त सरपंच पदों के लिए रविवार को मतदान हुआ और वोटों की गिनती सोमवार को की गई।

Image

अजित पवार

Photo : PTI

Baramati Panchayat Election: अजित पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के धड़े ने सोमवार को दावा किया कि उसके समर्थन वाले पैनल ने महाराष्ट्र के पुणे जिले में पवार परिवार के गढ़ माने जाने वाले बारामती में 32 ग्राम परिषदों में से 30 पर जीत दर्ज की है। दो ग्राम पंचायतें भाजपा समर्थित पैनल ने जीतीं, जो उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा की सहयोगी पार्टी है।

महाराष्ट्र में 2,359 ग्राम पंचायतों के लिए चुनाव

महाराष्ट्र में 2,359 ग्राम पंचायतों और 130 रिक्त सरपंच पदों के लिए रविवार को मतदान हुआ और वोटों की गिनती सोमवार को की गई। बारामती में 32 ग्राम पंचायतों के लिए वोटों की गिनती तालुका कार्यालय में की गई। स्थानीय नेताओं ने कहा कि अजित पवार के नेतृत्व वाले राकांपा गुट द्वारा समर्थित पैनल ने बारामती तालुका की 32 ग्राम पंचायतों में से 30 पर जीत हासिल की।

सरकार के कामों के बूते महायुति की शानदार जीत: मुख्यमंत्री शिंदे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार के कामकाज की बदौलत शिवसेना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अजित पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की महायुति ने ग्राम पंचायत चुनावों में शानदार जीत हासिल की है। पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए शिंदे ने कहा कि विपक्ष ने एक साल सरकार पर तंज कसने और आलोचना करने में ही बिता दिया।

उन्होंने कहा कि महायुति ने महा विकास आघाडी से कई गुना अधिक सीटें जीतीं। उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ गठबंधन अगले साल के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 45 सीटें जीतेगा।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article