देश

शरद पवार से बिन बुलाए मिलने पहुंचे अजित पवार और उनके साथी, मांगा आशीर्वाद; उधर सुप्रिया ने किया जयंत पाटिल को फोन

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jul 16, 2023, 03:37 PM IST

Maharashtra Politics: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पर नियंत्रण की लड़ाई के बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और कई बागी एनसीपी नेताओं ने मुंबई में पार्टी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की।

Image

शरद पवार से मिलने पहुंचे अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल और छगन भुजबल

Photo : ANI

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में रोज कुछ न कुछ नया देखने को मिल रहा है। रविवार को अजित पवार और उनके साथी बिन बुलाए शरद पवार के पास मिलने के लिए पहुंच गए। इस मुलाकात को लेकर अभी तक शरद पवार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं अजित पवार गुट का कहना है कि वो लोग शरद पवार के पास आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे थे। इससे पहले सुप्रिया सुले ने एनसीपी नेता जयंत पाटिल को कॉल करके तत्काल वाईबी चव्हाण प्रतिष्ठान पहुंचने के लिए कहा था।

कौन-कौन मिलने पहुंचे

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पर नियंत्रण की लड़ाई के बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और कई बागी एनसीपी नेताओं ने मुंबई में पार्टी प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की। एनसीपी के बागी गुट के मुखिया अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल, दिलीप वाल्से पाटिल, हसन मुश्रीफ, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे, अदिति तटकरे और नरहरि ज़िरवाल ने वाईबी चव्हाण केंद्र में पवार से मुलाकात की।

क्या बोले अजित गुट के नेता

कभी शरद पवार के सबसे खास रहे प्रफुल्ल पटेल ने इस मुलाकात के बाद कहा कि वो अपने नेता का आशीर्वाद लेने आए थे। उन्होंने कहा कि वो सब अजित पवार के यहां थे, जब उन्हें पता चला कि शरद पवार वाईबी चव्हाण केंद्र में हैं। जिसके बाद वो शरद पवार को बताए बिना मिलने पहुंच गए। प्रफुल्ल पटेल ने संवाददाताओं से कहा- "हम अपने आदर्श शरद पवार का आशीर्वाद लेने आए हैं। हम राकांपा को एकजुट रखना चाहते हैं इसलिए हमने पवार साहब से इस पर विचार करने और हमारा मार्गदर्शन करने का अनुरोध किया। उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया, बस हमारी बात सुनी।"

सुप्रिया सुले का फोन

इससे पहले सुप्रिया सुले ने शरद पवार गुट के नेता जयंत पाटिल को फोन करके तत्काल वाईबी चव्हान पहुंचने के लिए कहा था। जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल और पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड भी वाई बी चव्हाण केंद्र पहुंचे। हालांकि इन्हें क्यों बुलााया गया था, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article