MGNREGA Bachao Sangram: कांग्रेस ने 'मनरेगा बचाओ संग्राम' की देखरेख और निगरानी के लिए रविवार को एक समन्वय समिति गठित की। कांग्रेस का 10 जनवरी से 45 दिनों को 'मनरेगा बचाओ संग्राम' शुरू हो रहा है और अजय माकन को इसका संयोजक नियुक्त किया गया है।
समन्वय समिति में कौन-कौन है शामिल?
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष ने 'मनरेगा बचाओ संग्राम' के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी , मार्गदर्शन और समीक्षा के लिए तत्काल प्रभाव से एक समन्वय समिति गठित की है।''
समिति में अजय माकन के अलावा वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, संदीप दीक्षित, उदित राज और प्रियांक खरगे को शामिल किया गया है। साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने डी. अनुसूया सीताक्का, दीपिका पांडे सिंह, सुनील पंवार और मनीष शर्मा को भी पैनल में शामिल किया है।
इसके अलावा पार्टी के सभी अग्रणी संगठनों के प्रमुख, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी, अनुसूचित जाति (SC), अल्पसंख्यक, आदिवासी विभागों के अध्यक्ष और किसान कांग्रेस के चेयरपर्सन भी इस समन्वय समिति के सदस्य होंगे।
कब तक चलेगा मनरेगा बचाओ संग्राम
कांग्रेस ने VB G-RAM-G एक्ट को वापस लेने और मनरेगा को अधिकार-आधारित कानून, काम के अधिकार और पंचायतों के अधिकार के रूप में बहाल करने की मांग को लेकर 10 जनवरी से 25 फरवरी तक देशव्यापी "मनरेगा बचाओ संग्राम" की घोषणा की है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि नए जी राम जी एक्ट के जरिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पूरी तरह से केंद्रीकरण सुनिश्चित किया है, क्योंकि नए एक्ट के तहत रोजगार अब अधिकार नहीं रहेगा, जिसे कोर्ट में चुनौती दी जाएगी।
