देश

लंदन जा रही फ्लाइट में अचानक क्या हुई गड़बड़ी? 7 घंटे तक हवा में रहने के बाद दिल्ली लौटा एयर इंडिया का विमान

Air India Technical Snag: एयर इंडिया की दिल्ली से लंदन हीथ्रो जाने वाली एक फ्लाइट को गुरुवार दोपहर बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी का संदेह होने पर यह फैसला लिया गया।

Image

तकनीकी खामी के बाद वापस लौटा एयर इंडिया का विमान (फाइल फोटो)

Air India Technical Snag: एयर इंडिया की दिल्ली से लंदन हीथ्रो जाने वाली एक फ्लाइट को गुरुवार दोपहर बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी का संदेह होने पर यह फैसला लिया गया। यह फ्लाइट एआई111 सुबह करीब 6 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी और लगभग 7 घंटे तक हवा में रहने के बाद वापस लौटी। यह विमान दोपहर करीब 12:30 बजे सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया।

विमान की हो रही तकनीकी जांच

एयर इंडिया के प्रवक्ता के मुताबिक, यात्रा के दौरान तकनीकी समस्या का संदेह होने पर एहतियात के तौर पर विमान को वापस बुलाया गया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है, इसलिए यह निर्णय लिया गया। एयरलाइन ने बताया कि विमान पूरी तरह सुरक्षित तरीके से उतरा और सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया। फिलहाल विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है, जिसमें कुछ समय लग सकता है। इसके बाद ही आगे की उड़ान को लेकर फैसला लिया जाएगा।

एयर इंडिया ने दिया बड़ा अपडेट

एयर इंडिया ने इस घटना से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और कहा है कि प्रभावित यात्रियों को जल्द से जल्द लंदन पहुंचाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। तकनीकी खराबी की असली वजह क्या थी, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

इससे पहले, पिछले हफ्ते भी एयर इंडिया की एक फ्लाइट, जो दिल्ली से कनाडा के वैंकूवर जा रही थी, 9 घंटे बाद वापस लौट आई थी, क्योंकि उस रूट पर तैनात किए गए विमान (B777) को कनाडा के एविएशन रेगुलेटर से वहां उड़ान भरने की अनुमति नहीं थी। एयर इंडिया की फ्लाइट, जिसका कॉल साइन एआई185 था, 20 मार्च को दोपहर 12.18 बजे दिल्ली से यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई वैंकूवर के लिए बोइंग 777-200एलआर विमान से रवाना हुई, जबकि एयर इंडिया को इस मार्ग पर केवल अपने बोइंग 777-300ईआर विमानों के लिए ही कनाडा से अनुमति प्राप्त है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article