देश

अहमदाबाद प्लेन क्रैश : मृतकों की संख्या पहुंची 270, डीएनए का मिलान जारी, परिजनों को सौंपे जाएंगे शव

बीजे मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉक्टर रजनीश पटेल ने कहा, 'छह यात्रियों की रिपोर्ट आ गई है। उनके परिवार को सूचित कर दिया गया है। करीब-करीब सभी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब केवल सात से आठ घायलों का ही इलाज चल रहा है। इनमें से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। विमान हादसे में जीवित बचा एक शख्स पूरी तरह से सुरक्षित एवं स्थिर है। वह यहां जब तक चाहे रह सकता है।

Image

गुरुवार को अहमदाबाद में क्रैश हुआ एयर इंडिया का प्लेन।

Air India plane crash : अहमदाबाद में गुरुवार को हुए प्लेन हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 270 हो गई है जबकि घायलों का इलाज जारी है। एयर इंडिया का ड्रीम लाइनर विमान बोइंग 787 यात्रियों को लेकर लंदन जा रहा था लेकिन टेक ऑफ के कुछ ही देर बाद यह दुर्घटना का शिकार हो गया। विमान में 230 यात्री और चालक दल 12 सदस्य सवार थे। इनमें से एक यात्री को छोड़कर बाकी सभी लोगों की मौत हो गई। इसके पहले अधिकारियों ने विमान हादसे में मृतकों की संख्या 265 बताई थी।

शवों का हो रहा डीएनए परीक्षण

वहीं, मृतकों के परिजनों का डीएनए का मिलान शवों से किया जा रहा है ताकि उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सके। डीएनए का मिलान हो जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा, 'डीएनए के मिलान की प्रकिया चल रही है। जैसे ही डीएनए मिलान की पुष्टि हो जाती है, हम पीड़ित परिजनों को इसकी जानकारी देंगे।'

अस्पताल में सात-आठ घायलों का इलाज जारी

बीजे मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉक्टर रजनीश पटेल ने कहा, 'छह यात्रियों की रिपोर्ट आ गई है। उनके परिवार को सूचित कर दिया गया है। करीब-करीब सभी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब केवल सात से आठ घायलों का ही इलाज चल रहा है। इनमें से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। विमान हादसे में जीवित बचा एक शख्स पूरी तरह से सुरक्षित एवं स्थिर है। वह यहां जब तक चाहे रह सकता है। डीएनए के मिलान में आम तौर पर 72 घंटे का समय लगता है लेकिन हमें यहां 240 से ज्यादा लोगों के डीएनए की जांच करनी है तो इसमें थोड़ा वक्त लगेगा।'

अब तक 270 शव अस्पताल लाए गए

बीजे मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. धवल गमेती ने कहा, "विमान दुर्घटनास्थल से अब तक लगभग 270 शव सिविल अस्पताल लाए गए हैं।" डीएनए नमूनों का मिलान करके शवों की शिनाख्त की प्रक्रिया अभी जारी है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव रिश्तेदारों को सौंप दिए जाएंगे। अहमदाबाद अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा (एएफईएस) ने मेघाणीनगर क्षेत्र में विमान दुर्घटना स्थल से पिछले 24 घंटे में मानव शरीर के कुछ अंग और एक शव बरामद किया है।

टेक ऑफ के बाद हादसे का शिकार हो गया विमान

बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद से 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रहा बोइंग 787 ड्रीमलाइनर (एआई 171) विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद मेघाणीनगर में एक मेडिकल हॉस्टल और उसके कैंटीन परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article