Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक के 25 बागी सदस्यों द्वारा 'क्रॉस-वोटिंग' किए जाने के बाद सी जोसेफ विजय नीत टीवीके सरकार के पक्ष में मतों की संख्या 144 तक पहुंच गई, जो विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए जरूरी जादुई आंकड़े 118 से कहीं ज्यादा है। पार्टी नेताओं द्वारा उठाए गए कदम को लेकर अन्नाद्रमुक ने सख्त कार्रवाई की है।
अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने बुधवार को एस.पी. वेलुमणि, सी.वी. षनमुगम और सी. विजयभास्कर समेत कई नेताओं को पार्टी पदों से हटा दिया। पार्टी प्रमुख ने नथम आर. विश्वनाथन समेत बागी विधायकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
कितने लोगों पर हुई कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पलानीस्वामी ने 25 विधायकों को पार्टी पदों से हटा दिया और उनकी जगह पर नए जिला सचिवों की नियुक्ति की। दरअसल, पूर्व राज्य मंत्रियों एस पी वेलुमणि और सी वे षनमुगम सहित अन्नाद्रमुक के 25 विधायकों ने फ्लोर टेस्ट के दौरान टीवीके के पक्ष में मतदान किया। जिसके बाद विपक्षी सदस्यों ने विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और द्रमुक विधायक उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि टीवीके सरकार 'उधार' के सहयोगियों के सहारे और अन्नाद्रमुक को विभाजित करके सत्ता में आई है।
TVK सरकार के खिलाफ पलानीस्वामी ने किया मतदान
अन्नाद्रमुक के महासचिव पलानीस्वामी का समर्थन कर रहे 21 विधायकों और स्वयं पलानीस्वामी ने टीवीके सरकार के खिलाफ मतदान किया, जबकि पट्टाली मक्कल काची (PMK) के चार विधायकों और भाजपा के एकमात्र सदस्य मतदान में शामिल नहीं हुए।
मतदान से पहले, पलानीस्वामी ने विधानसभा द्वारा मुख्यमंत्री की ओर से पेश 'विश्वास प्रस्ताव' पर चर्चा के लिए अन्नाद्रमुक के बागी विधायक एस पी वेलुमणि को आमंत्रित करने पर आपत्ति जताई और कहा कि उनकी पार्टी ने अकेले दम पर 47 सीटें जीती हैं। पलानीस्वामी ने कहा, ''लोगों ने दो पत्ती के चिह्न पर हमें वोट दिया। मेरे द्वारा पार्टी महासचिव के रूप में यह घोषणा करने के बाद कि हम इस प्रस्ताव पर सरकार के खिलाफ मतदान करेंगे, उन्हें बोलने के लिए आमंत्रित करना उचित नहीं है।''
