Harbhajan Singh: टेस्ट में 400 से ज्यादा टेस्ट विकेट और हैट्रिक लेने वाले पहले भारतीय और दो वर्ल्ड कप विजेता टीम का सदस्य... उपलब्धियां बड़ी हैं, लेकिन हरभजन सिंह खुद को इनका हकदार नहीं मानते। पीटीआई के पॉडकास्ट में 46 साल के भज्जी ने कहा, "करने कराने वाला तो ऊपर वाला है, उसकी रजा से हो रहा है। उसकी मर्जी के बिना एक पत्ता भी नहीं हिल सकता। जब हम कुछ बन जाते हैं तो सोचते हैं हमने किया है, लेकिन सब ईश्वर की इच्छा है।"इस दौरान उन्होंने खुद लिखा एक उर्दू शेर भी सुनाया, जिसे वह पहली बार पब्लिक कर रहे हैं। थोड़ा रुककर उन्होंने कहा- "ये कितना बड़ा वहम था कि मैं अहम था। ओ खुदा के बंदे, उस वाहेगुरु का शुक्र कर, ये तो उसका तेरे ऊपर रहम था।"
ईश्वर की इच्छा से ली टेस्ट में हैट्रिक
हरभजन ने कहा, "मैं चुना हुआ था, चाहे 100 टेस्ट खेलना हो या पहली हैट्रिक लेना। ये उस ईश्वर की इच्छा थी।" जालंधर के इस पूर्व ऑफ स्पिनर ने अपने संघर्ष को भी याद किया। पिता सरदार सरदेव सिंह का 2000 में निधन हो गया था। मां अवतार कौर ने शर्ट की सिलाई-कढ़ाई कर पांच बेटियों को पाला और बेटे के क्रिकेट के सपने को जिंदा रखा। भज्जी बोले, "पिता साहब और माता जी का आशीर्वाद था। मेरी बहनों ने बहुत त्याग किया, तब जाकर ये खुशियां मिलीं।"
मैदान पर हमेशा भिड़ने वाले हरभजन मैदान के बाहर रिश्तों को बचाने के लिए हार मानना भी जानते हैं। "मैंने एक पॉडकास्ट में सुना था कि रिश्ते को बचाने के लिए कभी-कभी हारना जरूरी होता है। अगर आप हार जाते हैं तो अंत में जीत जाते हैं।" उन्होंने माना कि मैदान वाला जुझारू भज्जी ही असली था। "वो असली हरभजन था, जो लड़ता था और जीतता था। अब बीवी है, बच्चे बड़े हो गए हैं। अब मेरे लिए क्रिकेट का मैदान नहीं है। जीवन में विनम्र होना बहुत जरूरी है। मैं नहीं चाहता मुझे मेरे रिकॉर्ड से आंका जाए। अगर मैं अच्छा इंसान नहीं बना तो जिंदगी व्यर्थ है। कोई कहे कि विकेट कितने लिए फर्क नहीं पड़ता, वो अच्छा इंसान था।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- क्रिकेट में अब क्यों नहीं बनते लारा और सहवाग, पूर्व भारतीय दिग्गज ने कह दी बड़ी बात
बायोपिक में एक्टर होंगे विक्की कौशल
103 टेस्ट में 417 विकेट लेने वाले हरभजन को अपनी बायोपिक से कोई एतराज नहीं है। लीड रोल के लिए उनकी पसंद विक्की कौशल हैं। "विक्की पंजाबी है, होशियारपुर से आता है और शानदार एक्टर है।" फिल्म का नाम क्या होगा? हाथ की मसल दिखाते हुए बोले- "जज्बा!"
