देश

CJP प्रोटेस्ट पर पीयूष गोयल का डीपफेक वीडियो, केंद्रीय मंत्री बोले-शेयर करने पर होगी सख्त कार्रवाई, दर्ज कराई शिकायत

X पर अपने ट्वीट में गोयल ने कहा कि 'संसद के बाहर मीडिया से की गई मेरी टिप्पणियों को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से दुर्भावनापूर्ण तरीके से एडिट कर एक डीपफेक वीडियो बनाया गया है और उसे गलत सूचना फैलाने के उद्देश्य से प्रसारित किया जा रहा है।

Image

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल।

Photo : PTI

Piyush Goyal: CJP प्रदर्शन पर AI से बनाए गए अपने फर्जी वीडियो पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसद के बाहर दिए गए उनके बयान को AI की मदद से एडिट कर बनाया गया है। यह डीपेफेक वीडियो है। इसके खिलाफ उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि इस फर्जी वीडियो को बनाने, प्रसारित करने या इसे बढ़ावा देने में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीआईबी फैक्ट चेक में भी केंद्रीय मंत्री के वीडियो को फर्जी और AI से निर्मित बताया गया है।

'AI से एडिट कर बनाया डीपफेक वीडियो'

X पर अपने ट्वीट में गोयल ने कहा कि 'संसद के बाहर मीडिया से की गई मेरी टिप्पणियों को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से दुर्भावनापूर्ण तरीके से एडिट कर एक डीपफेक वीडियो बनाया गया है और उसे गलत सूचना फैलाने के उद्देश्य से प्रसारित किया जा रहा है। मैंने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और 25 जुलाई 2026 को सुबह 4:35 बजे चाणक्यपुरी पुलिस थाने में एफआईआर (संख्या 123/26) दर्ज की गई है।

सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी-गोयल

गोयल ने कहा कि इस फर्जी वीडियो को बनाने, प्रसारित करने या इसे बढ़ावा देने में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनता को गुमराह करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस तरह गैर-जिम्मेदाराना दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 'मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे केवल सत्यापित और प्रामाणिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत के जागरूक और तकनीक-समझ रखने वाले नागरिक, विशेषकर हमारे युवा, इस तरह की भ्रामक जानकारी के झांसे में नहीं आएंगे।'

पाकिस्तान से बन रहे फर्जी डीपफेक वीडियो

सीजेपी प्रोटेस्ट पर सोशल मीडिया में ऐसे कई फर्जी वीडियो सामने आए हैं जिन्हें AI से बनाया गया है। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी डीपफेक वीडियो बनाए गए हैं। पीआईबी ने इन सभी वीडियोज का फैक्ट चेक किया है। इस फैक्ट चेक में ये सभी वीडियो एआई निर्मित और फर्जी पाए गए हैं। जांच में ये भी पता चला है कि लोगों को उकसाने वाले ये सभी डीपफेक वीडियो पाकिस्तान से बनाए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से ऐसे वीडियो से सावधान रहने के लिए कहा है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article