अहमदाबाद के निकोल इलाके में स्थित एक ज्वेलरी शोरूम से 1.66 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच ने शोरूम की महिला कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला ने अपने विवाहित बॉयफ्रेंड के साथ नया जीवन शुरू करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
हालांकि, जिस व्यक्ति के साथ वह भागी थी, वही बाद में उसे होटल में छोड़कर अधिकांश जेवर लेकर फरार हो गया। अपराध की दुनिया में “ट्रस्ट इश्यू” भी अब करोड़ों के पैकेज में आते हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्षिदा राजेंद्रकुमार शेट्टी उर्फ हर्षिदा धर्मेश कोटक (38) के रूप में हुई है। वह निकोल स्थित ग्रेविटी शॉपिंग मॉल में “आभूषण ज्वेलर्स” नाम की दुकान में पिछले 11 महीनों से सेल्स गर्ल के तौर पर काम कर रही थी।

गुजरात में एक सेल्सगर्ल ने की करोड़ों रुपये की सोना चोरी।
CCTV में कैद हुई चोरी
घटना 11 मई 2026 की है। शोरूम संचालक दर्शनभाई जब शाम के समय दुकान पर पहुंचे तो खरीदारी के दौरान एक ट्रे में रखे सोने के गहनों का सेट कम मिला। स्टाफ से पूछताछ के दौरान पता चला कि हर्षिदा बिना जानकारी दिए शाम करीब 4:30 बजे दुकान छोड़कर चली गई थी।
इसके बाद शोरूम के CCTV फुटेज खंगाले गए। फुटेज में हर्षिदा दुकान के पीछे रखे कबर्ड से सोने के दागिने निकालकर अपने कपड़ों में छिपाती दिखाई दी। जांच में कुल 1,66,88,437 रुपये के गहने चोरी होने की पुष्टि हुई।
निकोल पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की तलाश में क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमों ने करीब 300 CCTV कैमरों की जांच की और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 के तहत मामला दर्ज ।
बॉयफ्रेंड के साथ भागी, उदयपुर-जयपुर-दिल्ली में ठहरी
पूछताछ में सामने आया कि चोरी की वारदात के बाद हर्षिदा अपने प्रेमी मयूर अशोकभाई माली के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से अहमदाबाद से उदयपुर भागी थी। वहां से दोनों जयपुर और फिर दिल्ली पहुंचे। अलग-अलग होटलों में दोनों साथ रहे।
पुलिस के अनुसार, मयूर पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। इसके बावजूद पिछले चार महीनों से दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। हर्षिदा पहले से तलाकशुदा थी और लंबे समय से अकेली रह रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और साथ रहकर नया जीवन शुरू करने की योजना बनी। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने पहले से चोरी कर राज्य से बाहर भागने की योजना बनाई थी।
होटल में नहाने गई, प्रेमी जेवर लेकर फरार
क्राइम ब्रांच अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली में होटल में ठहरने के दौरान हर्षिदा नहाने गई थी। इसी दौरान मयूर होटल से अधिकांश गहने लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह करीब 18 लाख रुपये के कुछ गहने छोड़कर बाकी आभूषण लेकर भाग निकला।
हर्षिदा ने बाद में उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद मिला। इसके बाद वह वापस अहमदाबाद पहुंची और कथित तौर पर चोरी के कुछ गहने बेचने के प्रयास में माणेकचौक इलाके में आई थी, जहां क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
22.54 लाख का मुद्दामाल बरामद
क्राइम ब्रांच ने आरोपी महिला के पास से अब तक 22.54 लाख रुपये कीमत के गहने बरामद किए हैं। पुलिस अब फरार आरोपी मयूर अशोकभाई माली की तलाश कर रही है। मयूर वस्ट्राल क्षेत्र के वेदांत रेसिडेंसी में रहने वाला बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हर्षिदा को आगे की जांच के लिए निकोल पुलिस स्टेशन को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में चोरी किए गए बाकी गहनों की बरामदगी और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
