PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात दौरे पर हैं। अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री राज्य को विकास की कई सौगातें भेंट करेंगे। इससे पहले गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने देश के विकास में पीएम मोदी के योगदान को रेखांकित करने वाला एक वीडियो सॉन्ग शेयर किया है। सीएम का कहना है कि यह वीडियो सॉन्ग पीएम मोदी के प्रति आम आदमी की भावनाओं को उजागर और लोगों के दिलों में पीएम के जगह बनाने की भावनाओं को दर्शाता है।
PM ने भारत का परचम ऊंचा किया-पटेल
X पर यह वीडियो सॉन्ग साझा करते हुए मुख्यमंत्री पटेल ने कहा, '...प्रधानमंत्री मोदी आज गुजरात के दौरे पर आ रहे हैं। इस अवसर पर मैं आप सभी के साथ यह गीत साझा कर रहा हूं, जो देश की आम जनता की भावनाओं को उनके प्रति व्यक्त करता है। उन्होंने हर आम नागरिक की चिंताओं का ध्यान रखकर उनके दिलों में जगह बनाई है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए, उन्होंने विश्व में भारत का परचम ऊंचा किया है। यह गीत उन्हीं भावनाओं की गूंज है, उसी गर्व का प्रतिबिंब है।'
Rs 34,200 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत
प्रधानमंत्री गुजरात में ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में भाग लेंगे और भावनगर से 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और बाद में लोथल में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का दौरा करेंगे। बयान में कहा गया है कि समुद्री क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए मोदी समुद्री क्षेत्र से संबंधित 7,870 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
मुंबई अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे
बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री इंदिरा डॉक पर बने मुंबई अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे और श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह, कोलकाता में एक नए कंटेनर टर्मिनल और संबंधित सुविधाओं तथा पारादीप बंदरगाह पर विभिन्न सुविधाओं और संबंधित विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे। बयान में कहा गया कि समग्र और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी केंद्र और राज्य सरकार की 26,354 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
शहरी परिवहन परियोजनाओं की आधारशिला
प्रधानमंत्री छारा बंदरगाह पर एक गैस टर्मिनल, गुजरात आईओसीएल रिफाइनरी में ‘एक्रिलिक और ऑक्सो अल्कोहल’ परियोजना, 600 मेगावाट की ‘ग्रीन शू’ पहल, किसानों के लिए पीएम-कुसुम 475 मेगावाट के सौर फीडर और धोरडो गांव के पूर्ण सौरीकरण आदि का उद्घाटन करेंगे। बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी एलएनजी अवसंरचना, अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं, तटीय संरक्षण कार्यों, राजमार्गों, स्वास्थ्य सेवा और शहरी परिवहन परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनमें भावनगर में सर टी. जनरल अस्पताल, जामनगर में गुरु गोविंद सिंह सरकारी अस्पताल का विस्तार और 70 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों को चार लेन का बनाना शामिल है।
