Muzaffarpur rape case : मुजफ्फरपुर में नाबालिग लड़की से हुई रेप की घटना पर जाने-माने शिक्षक एवं यूट्यूबर खान सर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। खान सर ने रविवार को कहा कि रेप, एसिड अटैक और महिलाओं पर बर्बर तरीके से हमला करने की घटनाओं एवं अपराध को देशद्रोह की श्रेणी में लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराध के आरोपियों को अच्छे वकील भी नहीं मिलने चाहिए। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कोचिंग सेंटर पर उनसे मुलाकात की।
इस घटना पर मैंने राज्यपाल से बात की-खान सर
मुजफ्फरपुर रेप कांड की घटना पर खान सर ने कहा, 'मैंने इस बारे में राज्यपाल से बात की। ऐसे लोगों का बहिष्कार किया जाना चाहिए। आप एक ऐसे देश से क्या उम्मीद करेंगे जहां बलात्कारियों को भी अच्छे वकील मिल जाते हैं? मैं देश के वकीलों से अनुरोध करता हूं कि अगर सभी वकील एकजुट हो जाएं, तो कोई भी व्यक्ति जिसने बलात्कार, एसिड अटैक, महिला को जिंदा जलाना या अपहरण जैसे अपराध किए हों, उसे अच्छा वकील न मिले। ऐसे मामलों को देशद्रोह की श्रेणी में लाना चाहिए... राज्यपाल भी इस मुद्दे को लेकर बहुत चिंतित थे।"
'भारत में हावी हो रही पश्चिमी संस्कृति'
उन्होंने कहा, 'राज्यपाल आज ईद-उल-अजहा के मौके पर यहां आए थे। वह क्लासरूम देखना चाहते थे। जब वे मंच पर गए, तो उन्होंने कहा कि वह भी एक क्लास लेना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति को संरक्षित करना चाहिए। भारत में पश्चिमी संस्कृति हावी हो रही है। भारतीय संस्कृति धीरे-धीरे खत्म हो रही है। हमें अपनी विरासत को बचाना होगा।'
सिन्हा ने कहा-अपराधी को कठोरतम सजा मिलेगी
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुजफ्फरपुर जिले में एक नाबालिग दलित लड़की के साथ बलात्कार और हत्या के आरोपी को शीघ्र सुनवाई के बाद ‘कठोरतम सजा दी जाएगी’। उन्होंने यह बयान मुजफ्फरपुर के कुढ़नी अनुमंडल में पीड़िता के गांव में दिया, जहां उन्होंने 10 वर्षीय एक बच्ची के शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी। बच्ची की यौन उत्पीड़न में गंभीर चोटें लगने के कई दिन बाद पिछले सप्ताह मौत हो गई थी।पत्रकारों द्वारा सवाल पूछे जाने पर सिन्हा ने कहा, ‘मैंने पूरी स्थिति का जायजा लिया है। आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। समय पर न्याय सुनिश्चित करने के लिए त्वरित सुनवाई की जाएगी।’
आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया
आरोपी पीड़िता के ही गांव का निवासी है और उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सिन्हा ने हालांकि मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में लड़की को कथित तौर पर उचित इलाज नहीं मिलने संबंधी सवालों को टाल दिया। लड़की की हालत बिगड़ने के बाद उसे पटना ले जाया गया था। इस घटना को लेकर नीतीश कुमार सरकार पर लगातार निशाना साध रहे राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि लड़की के एक परिवार के सदस्य को भाजपा के एक मंत्री ने धक्का दिया। राजद नेता ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में कुढ़नी से विधायक एवं मंत्री केदार गुप्ता, सिन्हा के साथ देखे जा सकते हैं।
तेजस्वी ने भाजपा मंत्री पर निशाना साधा
गुप्ता को एक व्यक्ति को कथित तौर पर डांटते हुए देखा जा सकता है जो उनसे लगातार सवाल पूछ रहा था। पूर्व उपमुख्यमंत्री यादव ने दावा किया, ‘यह नीतीश सरकार और उसके भाजपा मंत्रियों की असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा है। जब शोकाकुल परिवार के सदस्यों ने स्थानीय प्रशासन की लापरवाही की बात कही तो केदार गुप्ता ने उन्हें धक्का देना शुरू कर दिया।’
