African Swine Fever: असम के मोरीगांव जिले के एक गांव में अफ्रीकी स्वाइन फीवर (ASF) के मामले पाए गए हैं, जिसके कारण प्रशासन ने बुधवार को क्षेत्र में प्रतिबंध लगा दिए। जिला प्रशासन ने धरमतुल क्षेत्र के दापोनीबाड़ी गांव को एएसएफ का केंद्र घोषित किया है। निर्देश के अनुसार, दापोनीबारी के एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों को 'संक्रमित क्षेत्र' माना जाएगा, जबकि 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों को 'निगरानी क्षेत्र' घोषित किया जाएगा।
संक्रमित क्षेत्र में लागू प्रतिबंधों में जीवित सूअर, सूअर का चारा, सूअर का मांस या सूअर के मांस से बने उत्पादों के संक्रमित क्षेत्र के अंदर या बाहर परिवहन पर प्रतिबंध शामिल है। इसमें कहा गया है कि एएसएफ से संक्रमित संदिग्ध सूअरों को संक्रमित क्षेत्र से बाहर नहीं ले जाया जा सकता है तथा कोई भी व्यक्ति संक्रमित या संदिग्ध संक्रमित सूअरों के संपर्क में आए सूअरों, सूअर उत्पादों या दूषित सामग्रियों का परिवहन नहीं कर सकता है या परिवहन का प्रयास नहीं कर सकता है।
भारी बारिश से बाढ़ की स्थिति गंभीर
असम में अफ्रीकी स्वाइन फीवर के साथ-साथ बाढ़ की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। बुधवार को बाढ़ के चलते दो और लोग मारे गए हैं, जबकि 21 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर लगभग 6.8 लाख पहुंच गई है। ब्रह्मपुत्र सहित नौ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) ने राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है।
आरएमसी ने कहा कि धुबरी, दक्षिण सलमारा-मनकाचर, ग्वालपारा और कोकराझार में गरज के साथ बारिश होने और बिजली चमकने तथा 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में सड़क, रेल और नौका सेवाएं प्रभावित रहीं।
