देश

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे कमल हसन, राहुल गांधी ने किया था आमंत्रित

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 18, 2022, 10:15 PM IST

राहुल गांधी की इस यात्रा के साथ कई जानी मानी हस्तियां जुड़ चुकी हैं। कुछ दिन पहले की आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन भी राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में दिखे थे। यात्रा के एक वीडियो में आरबीआई के पूर्व गवर्नर को राहुल गांधी और सचिन पायलट के साथ चलते हुए देखा जा सकता है।

अभिनेता कमल हसन जल्द ही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे। उन्होंने खुद इसके बारे में जानकारी दी है। कमल हसन अभिनेता होने के साथ-साथ मक्कल नीधि मय्यम (MNM) पार्टी के अध्यक्ष भी हैं।

क्या कहा कमल हसन ने

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार कमल हासन ने रविवार को कहा कि वह कांग्रेस के राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेंगे। कमल हसन ने कहा कि उन्हें राहुल गांधी द्वारा आमंत्रित किया गया है और वो 24 दिसंबर को दिल्ली में इस यात्रा में शामिल होंगे।

कौन-कौन हो चुके हैं शामिल

राहुल गांधी की इस यात्रा में अभी तक कई राजनीतिक और गैर राजनीतिक हस्तियां शामिल हो चुकी हैं। इससे पहले राजस्थान में यात्रा के दौरान आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन राहुल गांधी के साथ मार्च में हिस्सा ले चुके हैं। राजन से पहले पूजा भट्ट, स्वरा भास्कर और अमोल पालेकर, पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल एल रामदास, मेधा पाटकर इस मार्च में शामिल हो चुके हैं।

यात्रा का हाल

वर्तमान समय में भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान से गुजर रही है। अब तक यह यात्रा तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश को कवर कर चुकी है। राजस्थान के बाद यह यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी और लगभग आठ दिनों के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब होते हुए जम्मू और कश्मीर की ओर बढ़ेगी। कांग्रेस का यह मार्च 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुआ था और फरवरी 2023 में जम्मू-कश्मीर में समाप्त होने की उम्मीद है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article