TMC Split: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में बढ़ती अंतर्कलह के बीच पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी के प्रति नरम रुख अपनाया और उन्हें अपना वरिष्ठ करार दिया। उन्होंने कहा कि कल्याण बनर्जी उनके राजनीतिक मार्गदर्शक रहे हैं और मुझे बड़ा होते हुए देखा है। उन्हें आलोचना करने का पूरा अधिकार है।
अभिषेक बनर्जी का यह बयान ऐसे समय में आया जब एक दिन पहले ही कल्याण बनर्जी ने उनकी कार्यशैली पर सवाल खड़े किए और उन्हें अंहकारी करार दिया था। टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पार्टी की शीर्ष नेतृत्व की बैठक के बाद अभिषेक ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कल्याण को टीएमसी का वरिष्ठ नेता बताया।
अभिषेक बनर्जी ने कहा, ''कल्याण बनर्जी ने मुझे बचपन से बड़ा होते हुए देखा है। वह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। अगर उन्होंने मेरे बारे में कुछ कड़े शब्द कहे हैं, तो उन्हें ऐसा कहने का पूरा अधिकार है। इस मुद्दे पर अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोई जरूरत नहीं है।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'डर, प्रलोभन, एजेंसी का दबाव...', शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया TMC के सांसद क्यों हो रहे बागी, बोले- इस घड़ी में मैं ममता के साथ
अभिषेक के तेवर पड़े नरम
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अभिषेक बनर्जी का यह बयान पार्टी की अंदरूनी कलह को शांत करने और विवाद को बड़े संगठनात्मक संकट में बदलने से रोकने की कोशिश है। हाल ही में विधानसभा चुनाव में टीएमसी को मिली करारी शिकस्त के बाद पार्टी के भीतर असंतोष के बादल फूट पड़े और बागी गुट तैयार हो गया।
बैठक में कौन-कौन हुआ शामिल
ममता बनर्जी के आवास पर हुई बैठक में अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन, मदन मित्रा, शोभनदेब चट्टोपाध्याय और कुणाल घोष सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। हालांकि, कल्याण बनर्जी इस बैठक में शामिल नहीं हुए।
