देश

BJP के 'मैं भी चौकीदार' के बाद, अब AAP शुरू करेगी 'मैं भी केजरीवाल' अभियान; समझें सियासत

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 31, 2023, 07:46 AM IST

Main Bhi Kejriwal: लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा ने एक अभियान चलाया था, 'मैं भी चौकीदार'। अब 2024 चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी भी एक अभियान शुरू करने जा रही है, जिसका नाम- 'मैं भी केजरीवाल' रखा गया है। आगामी चार जनवरी से AAP 'मैं भी केजरीवाल' जनसंवाद अभियान शुरू करेगी।

Image

'मैं भी केजरीवाल' अभियान चलाएगी आप।

Photo : Times Now Digital

Delhi News: पिछले लोकसभा चुनाव की बात है, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई जनसभाओं में खुद को देशवासियों का चौकीदार करार दिया था। जिसके बाद राहुल गांधी ने चुनावी सभाओं के दौरान पीएम के खिलाफ तंज कसते हुए एक नारा दिया- 'चौकीदार चोर है', राहुल के इस बड़बोलेपन के चलते कांग्रेस की जमकर किरकिरी हुई थी और भाजपा ने राहुल के इस हमले का जवाब उन्हीं के अंदाज में दिया, मगर भाजपा का लहजा राहुल गांधी से काफी अलग था।

भाजपा ने शुरू किया था 'मैं भी चौकीदार' अभियान

साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा समर्थकों की जुबान पर जो सबसे चर्चित नारा था वो था- 'मैं भी चौकीदार', दरअसल ये महज एक राजनीतिक नारा नहीं था, बल्कि भाजपा की ओर से कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी को जवाब था। राहुल ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा था कि 'चौकीदार चोर है', इसी के जवाब में देशभर में उस वक्त ये नारा- मैं भी चौकीदार की गूंज सुनाई थी। अब आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 से पहले 'मैं भी केजरीवाल' अभियान शुरू करने का ऐलान किया है।

चार जनवरी से शुरू होगा 'मैं भी केजरीवाल' अभियान

आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक ने शनिवार को कहा कि हस्ताक्षर अभियान की सफलता के बाद पार्टी अगले साल चार जनवरी से 'मैं भी केजरीवाल' जनसंवाद पहल शुरू करेगी। एक से 30 दिसंबर तक चलाए गए 'मैं भी केजरीवाल' हस्ताक्षर अभियान के तहत लोगों से इस पर राय मांगी गई थी कि अगर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाता है तो क्या उन्हें इस्तीफा देना चाहिए या पद पर बने रहना चाहिए। पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘आप’ के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) पाठक ने घर-घर अभियान की सफलता को लेकर और चार जनवरी से शुरू होने वाले आगामी 'मैं भी केजरीवाल' अभियान के लिए पार्टी कैडर के प्रशिक्षण के संबंध में पार्टी मुख्यालय में एक बैठक बुलाई।

अगर केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाता है तो..?

बैठक में दिल्ली के मंत्री इमरान हुसैन और पार्टी नेता दिलीप पांडे, जरनैल सिंह, कुलदीप कुमार, ऋतुराज झा, राजेश गुप्ता, गुलाब सिंह और जितेंद्र सिंह तोमर शामिल हुए। आप के सभी विधायक, पार्षद, जिला अध्यक्ष और जिला सचिव भी मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए पाठक ने 'मैं भी केजरीवाल' हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा, 'अभियान ने अनुमान से कहीं अधिक सफलता हासिल की। इस सफलता को आगे बढ़ाने के लिए, पार्टी अब दिल्ली में 'मैं भी केजरीवाल जनसंवाद' अभियान शुरू कर रही है, जो चार जनवरी 2024 से शुरू हो रहा है।'

उन्होंने कहा, 'हमने दिल्लीवासियों को बताया कि कैसे (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी सरकार आम आदमी पार्टी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को खत्म करने की साजिश रच रही है। हमने लोगों को बताया कि जो कोई भी मोदी सरकार से सवाल करता है तो उसे निलंबित कर दिया जाता है या जेल में डाल दिया जाता है। अगर मोदीजी किसी से डरते हैं, तो वह अरविंद केजरीवाल हैं।'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article