देश

MCD स्थायी समिति चुनाव को AAP ने बताया असंवैधानिक, SC का करेगी रुख, सीएम आतिशी का ऐलान

भाजपा ने दिल्ली नगर निगम की 18 सदस्यीय स्थायी समिति की एकमात्र रिक्त सीट पर शुक्रवार को निर्विरोध जीत हासिल की क्योंकि सत्तारूढ़ आप और कांग्रेस के पार्षदों ने चुनाव का बहिष्कार किया था।

Image

सीएम आतिशी का ऐलान

Photo : ANI

MCD standing committee election: आम आदमी पार्टी ने एमसीडी स्थायी समिति चुनाव के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने का फैसला किया है। सीएम आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी एमसीडी स्थायी समिति के असंवैधानिक, अवैध चुनाव के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेगी। बता दें कि चुनाव को लेकर भारी विवाद हुआ था और आप और कांग्रेस ने इसका बहिष्कार किया था। चुनाव में भाजपा के सुंदर सिंह को भाजपा पार्षदों के सभी 115 वोट मिले, जबकि आप की निर्मला कुमारी को एक भी वोट नहीं मिला।

आतिशी ने एक संवाददाता सम्मेलन में भाजपा को एमसीडी को भंग कराने और यह देखने के लिए चुनावों में ‘आप’ का मुकाबला करने की चुनौती दी कि लोग नगर निगम में किस पार्टी को चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उपराज्यपाल और अधिकारियों की शक्तियों का दुरुपयोग करके चुनाव कराया गया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि नियमों के अनुसार केवल महापौर द्वारा ही एमसीडी के सदन की बैठक की तारीख और स्थान तय किया जा सकता है तथा केवल महापौर द्वारा ही इसकी कार्यवाही की अध्यक्षता की जा सकती है।

केजरीवाल का बीजेपी पर निशाना

अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की एकमात्र रिक्त सीट पर भाजपा की जीत के बाद शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने नगर निकाय पर गलत तरीके से कब्जा कर लिया है और जनादेश चुरा लिया है। सत्तारूढ़ आप और कांग्रेस के पार्षदों ने स्थायी समिति के चुनाव का बहिष्कार किया था। इस चुनाव परिणाम के साथ, भाजपा के पास अब समिति में 10 सदस्य हैं जबकि सत्तारूढ़ आप के पास केवल आठ सदस्य हैं।

दिल्ली विधानसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि नियमों के मुताबिक केवल महापौर ही एमसीडी सदन की बैठक बुला सकते हैं लेकिन उपराज्यपाल ने इसे बदल दिया और नगर निकाय के अतिरिक्त आयुक्त को ऐसा करने का निर्देश दिया। उन्होंने भाजपा पर गुंडागर्दी का सहारा लेने का आरोप लगाया और पूछा कि क्या यह चुनाव है? पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि नियम के मुताबिक बैठक से 72 घंटे पहले हर पार्षद को नोटिस भेजना होता है, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया।

चुनाव को लेकर भारी विवाद

भाजपा ने दिल्ली नगर निगम की 18 सदस्यीय स्थायी समिति की एकमात्र रिक्त सीट पर शुक्रवार को निर्विरोध जीत हासिल की क्योंकि सत्तारूढ़ आप और कांग्रेस के पार्षदों ने चुनाव का बहिष्कार किया था। भाजपा उम्मीदवार सुंदर सिंह को पार्टी के सभी 115 पार्षदों के वोट मिले, जबकि आप की निर्मला कुमारी को कोई वोट नहीं मिला। स्थायी समिति दिल्ली नगर निगम के संबंध में निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था है। इस चुनाव परिणाम के साथ, भाजपा के पास अब समिति में 10 सदस्य हैं जबकि सत्तारूढ़ आप के पास केवल आठ हैं। यह पहली बार है कि चुनाव आप और कांग्रेस पार्षदों की भागीदारी के बिना हुआ। भाजपा पार्षद कमलजीत सहरावत के पश्चिमी दिल्ली से लोकसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!