देश

'रेखा गुप्ता को CM पद से हटाया जाएगा, चल रही सत्ता परिवर्तन की तैयारी', AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने क्यों किया ये बड़ा दावा?

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की कथित नाकामी के चलते भाजपा उन्हें हटाने की तैयारी में है। उनका आरोप है कि जनता की बढ़ती नाराजगी और गिरते राजनीतिक समर्थन के कारण उपराज्यपाल वीके सक्सेना को फिर से सक्रिय भूमिका में लाया गया है, जो जल्द संभावित सत्ता परिवर्तन का संकेत देता है।

saurabh bharadwaj

रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री के पद से हटाया जा सकता है: आप नेता सौरभ भारद्वाज का बड़ा दावा।(फोटो सोर्स: PTI)

आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जल्द ही पद से हटाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की कथित नाकामी के चलते भाजपा का दिल्ली में जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है, जिसका असर पूरे देश की राजनीति पर पड़ रहा है। इसी कारण भाजपा ने उपराज्यपाल (एलजी) वीके सक्सेना को दोबारा सक्रिय भूमिका में ला दिया है।

दिल्लीवासियों की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही: आम आदमी पार्टी

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक कामकाज जैसे अहम मुद्दों पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पूरी तरह विफल साबित हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कमजोर कार्यशैली के चलते जनता में नाराजगी बढ़ रही है और भाजपा का ग्राफ तेजी से गिर रहा है।

मुख्यमंत्री पद को लेकर सौरभ भारद्वाज ने क्या किया दावा?

आप नेता के मुताबिक, इस स्थिति से निपटने के लिए भाजपा नेतृत्व ने दिल्ली में मुख्यमंत्री बदलने का मन बना लिया है। आप नेता ने यह भी दावा किया कि इस संबंध में मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री के आवास पर एक अहम बैठक हुई है, जिसमें दिल्ली के राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा की गई।

सौरभ भारद्वाज का कहना है कि जब तक नया मुख्यमंत्री पदभार नहीं संभाल लेता, तब तक दिल्ली में उपराज्यपाल वीके सक्सेना को पहले की तरह प्रमुख भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

उपराज्यपाल की गतिविधियां और बढ़ेंगी: सौरभ भारद्वाज

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने एक सोची-समझी रणनीति के तहत मौजूदा मुख्यमंत्री के बजाय पूर्व मुख्यमंत्री से पत्र लिखवाकर एलजी को दोबारा “लॉन्च” किया है। सौरभ भारद्वाज के अनुसार, पिछले लगभग 10 महीनों में उपराज्यपाल को हाशिये पर डाल दिया गया था और उन्हें लगातार अपमानित किया गया, लेकिन अब अचानक उन्हें फिर से सक्रिय किया जाना इस बात का संकेत है कि दिल्ली में सत्ता परिवर्तन की तैयारी चल रही है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी का स्पष्ट मानना है कि दिल्ली को जल्द ही नया मुख्यमंत्री मिलने वाला है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में उपराज्यपाल की गतिविधियां और बढ़ेंगी और कुछ ही समय में दिल्ली की राजनीति में बड़ा फैसला देखने को मिलेगा। आप नेता ने कहा कि एलजी द्वारा हाल ही में लिखा गया पत्र इसी प्रक्रिया की शुरुआत है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Piyush Kumar
Piyush Kumar author

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घट... और देखें

End of Article