LIVE

आज की खबर, हिंदी समाचार, 24 अप्रैल 2024: असदुद्दीन औवेसी के खिलाफ कांग्रेस ने उतारा अपना प्रत्याशी, दूसरे चरण के लिए थमा प्रचार, 26 अप्रैल को होगी वोटिंग

Shashank Shekhar MishraUpdated Apr 24, 2024, 22:44 IST
आज की खबर, हिंदी समाचार, 24 अप्रैल 2024: असदुद्दीन औवेसी के खिलाफ कांग्रेस ने उतारा अपना प्रत्याशी, दूसरे चरण के लिए थमा प्रचार, 26 अप्रैल को होगी वोटिंग

आज की खबर, हिंदी समाचार, 24 अप्रैल 2024: असदुद्दीन औवेसी के खिलाफ कांग्रेस ने उतारा अपना प्रत्याशी, दूसरे चरण के लिए थमा प्रचार, 26 अप्रैल को होगी वोटिंग

आज की खबर (Aaj ki Khabar), हिंदी न्यूज़ 24 अप्रैल 2024 और बड़ी खबरें: कांग्रेस ने बुधवार शाम को अपने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में सबसे खास सीट हैदराबाद है, जहां से कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी का एलान कर दिया है। इसके अलावा पार्टी ने खम्मम सीट से रामाश्याम रघुराम रेड्डी और करीमनगर वलीचला राजेंद्र राव को कांग्रेस का प्रत्याशी बनाया है। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह ने लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है वो खडूर साहिब सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ेगा। लोकसभा चुनाव-2024 के दूसरे चरण में देशभर की 88 सीटों पर 26 अप्रैल को वोट डाले जाने हैं। इन सभी सीटों के लिए चुनाव प्रचार बुधवार शाम समाप्त हो गया। महाराष्ट्र के यवतमाल में महायुति की उम्मीदवार राजश्री पाटिल के प्रचार के दौरान बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की तबीयत बिगड़ गई। भाषण के दौरान गडकरी को चक्कर आ गया। और वो मंच पर ही गिरने लगे। वीडियो में गडकरी को कुछ लोग पकड़ते दिखाई दे रहे हैं। बताया गया है कि उनका इलाज जारी है और उनकी तबीयत स्थिर है। नितिन गडकरी नागपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। वहां मतदान हो चुका है। वो अपनी पार्टी और सहयोगियों के लिए अलग-अलग जगह जाकर प्रचार कर रहे हैं। सपा ने कन्नौज सीट से कई बार उम्मीदवार बदले हैं, लेकिन अब सामने आया है कि यूपी के सीएम रहे अखिलेश खुद ही इस सीट से सांसदी के लिए चुनावी मैदान में उतरेंगे। कांग्रेस के दिग्गज नेता राजकुमार चौहान ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। राजकुमार चौहान उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट से उदित राज को कांग्रेस का उम्मीदवार बनाए जाने से नाराज थे। लोकसभा चुनाव 2014 के प्रचार के बीच सियासी नूराकुश्ती जारी है। अब कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ''सोने और मंगलसूत्र'' वाली टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा है। प्रियंका ने कहा कि उनकी मां सोनिया गांधी ने देश के लिए अपना 'मंगलसूत्र' बलिदान कर दिया। वहीं, नोएडा पुलिस द्वारा कई मामलों में वांछित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भगोड़े कुख्यात अपराधी रवि नागर उर्फ रवि काणा को थाईलैंड में गिरफ्तार किया गया है। जानिए क्या हैं आज की बड़ी खबरें।

APR 24, 2024 22:36 IST

बसपा के पूर्व विधायक भाजपा में शामिल

मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले तक दल-बदल का दौर जारी है। बुधवार को मुरैना के दिमनी विधानसभा क्षेत्र के बसपा के पूर्व विधायक बलबीर सिंह दंडोतिया ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष सागर में बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधायक बलवीर दंडोतिया ने भाजपा की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासोन्मुखी नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
APR 24, 2024 22:28 IST

पूर्व विधायक श्रीकांत निराला भाजपा में शामिल

पटना के मनेर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे श्रीकांत निराला ने बुधवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। निराला को भाजपा प्रदेश सह प्रभारी दीपक प्रकाश ने पार्टी की सदस्यता दिलाई और उनका पार्टी में स्वागत किया।
APR 24, 2024 21:58 IST

असदुद्दीन औवेसी के खिलाफ कांग्रेस ने उतारा अपना प्रत्याशी

कांग्रेस ने बुधवार शाम को अपने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में सबसे खास सीट हैदराबाद है, जहां से कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी का एलान कर दिया है। इसके अलावा पार्टी ने खम्मम सीट से रामाश्याम रघुराम रेड्डी और करीमनगर वलीचला राजेंद्र राव को कांग्रेस का प्रत्याशी बनाया है। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 24, 2024 21:12 IST

चारधाम यात्रा करने वालों को मिलेगी हर सुविधा, भाजपा सरकार का है वादा : सीएम धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा करने वाले यात्रियों को हर सुविधा मिलेगी। सीएम धामी के मुताबिक, पर्यटन उत्तराखंड का एक बहुत बड़ा आधार है, जहां चारधाम यात्रा में 56 लाख लोगों ने पिछले वर्ष दर्शन किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश के दौरे के बाद से तेजी से लोगों का आवागमन भी वहां बढ़ा है और मानस खंड की यात्रा भी चारधाम यात्रा की तरह चलेगी, तो पूरे प्रदेश के अंदर आवागमन बहुत बड़ा होने वाला है। उनकी सुविधाएं अच्छी हो, उनकी यात्रा अच्छी हो, सुरक्षित हो। चूंकि आगे चलकर यात्रा हर वर्ष बढ़ रही है, अवस्थापना स्ट्रक्चर संरचनाएं अच्छी बनी है, उसको हम चुनौती के रूप में लेते हुए काम कर रहे हैं। उसमें पार्किंग, आवास, परिवहन, कानून व्यवस्थाएं और अन्य सुविधाएं हैं, हम सभी को देख रहे हैं। चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा इन सबमें बड़ी संख्या में लोग आते थे।
APR 24, 2024 21:11 IST

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तुष्टीकरण की राजनीति के लिए की कांग्रेस की आलोचना

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस की 'मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति' पर बुधवार को तीखा हमला बोला। विशाखापत्तनम में एक "इंटेलेक्चुअल मीट" में बोलते हुए रक्षा मंत्री ने विस्तार से बताया कि कैसे मुस्लिम वोट हासिल करने की कोशिश में कांग्रेस इस समुदाय से ऐसी चीजों का वादा कर रही है जो विभाजनकारी प्रकृति के हैं और देश की एकता तथा अखंडता के लिए हानिकारक हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार थी तो उन्होंने ‘रंगनाथ मिश्र कमीशन’ और ‘सच्चर कमीशन’ का गठन किया था। दोनों का उद्देश्य एक संप्रदाय विशेष को अल्पसंख्यक कल्याण के नाम पर तरजीह देना था। स्वयं पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा था कि इस देश के संसाधनों पर पहला अधिकार यदि किसी का है तो अल्पसंख्यकों का है, खासकर मुसलमानों का। यह असंवैधानिक है।
APR 24, 2024 21:08 IST

चीनी मानवयुक्त अंतरिक्ष यान शनचो-18 की कल होगी लॉन्चिंग

चीनी मानवयुक्त अंतरिक्ष यान शनचो-18 को गुरुवार की रात 8 बजकर 59 मिनट पर लॉन्च किया जाएगा। इस अंतरिक्ष यान में तीन अंतरिक्ष यात्री, क्वांगफ़ू, ली थ्सोंग और ली क्वांगसू हैं। बुधवार सुबह अंतरिक्ष यान शनचो-18 मानवयुक्त मिशन का संवाददाता सम्मेलन च्युछ्वान उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र में आयोजित हुआ और यह जानकारी दी गई।
APR 24, 2024 20:57 IST

जेल में बंद खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह पंजाब की इस सीट से लड़ेगा लोकसभा चुनाव

असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह ने लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है वो खडूर साहिब सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ेगा। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 24, 2024 20:56 IST

'आतंकवाद और टेरर फंडिंग विश्व की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा'- NSA अजित डोभाल

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने बुधवार को रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव द्वारा आयोजित ब्रिक्स एनएसए की लंच बैठक में भाग लिया। बैठक के दौरान, उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में घनिष्ठ सहयोग और सीमा पार योजना, वित्त पोषण और आतंकवादी कृत्यों के कार्यान्वयन को रोकने के लिए ठोस कार्रवाई का आह्वान किया। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 24, 2024 20:31 IST

लोस चुनाव : जम्मू-कश्मीर के राजौरी में वीपीएन सेवाएं निलंबित

प्रशासन ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में लोकसभा चुनाव के संपन्न होने तक वीपीएन सेवाओं को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (राजौरी) राजीव कुमार खजूरिया ने एक आदेश में कहा कि ‘वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क’ (वीपीएन) को निलंबित करने का निर्णय लोकसभा चुनाव से जुड़ी जानकारी और अन्य संवेदनशील डेटा को साइबर हमलों से बचाने के लिए एक निवारक उपाय के रूप में लिया गया है।
APR 24, 2024 20:29 IST

भाजपा के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर प्राथमिकी दर्ज : निर्वाचन आयोग

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' से किए गए एक पोस्ट को लेकर बुधवार को एक प्राथमिकी दर्ज की गई। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक भाजपा के इस पोस्ट में कथित तौर पर विभिन्न समूहों और वर्गों के बीच नफरत और दुश्मनी को बढ़ावा देने की कोशिश की गई थी। कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मल्लेश्वरम विधानसभा क्षेत्र के उड़न दस्ते की टीम द्वारा 23 अप्रैल को 'एक्स' पर 'कांग्रेस घोषणापत्र या मुस्लिम लीग घोषणापत्र' नामक शीर्षक वाले पोस्ट के खिलाफ यह प्राथमिकी दर्ज की गई है।
APR 24, 2024 19:47 IST

दूसरे चरण के लिए थमा प्रचार, देश के 13 राज्यों की 88 सीटों पर 26 अप्रैल को होगी वोटिंग

लोकसभा चुनाव-2024 के दूसरे चरण में देशभर की 88 सीटों पर 26 अप्रैल को वोट डाले जाने हैं। इन सभी सीटों के लिए चुनाव प्रचार बुधवार शाम समाप्त हो गया। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 24, 2024 19:16 IST

झारखंड में बोले गुजरात के सीएम पटेल, राज्य की सभी 14 सीटों पर जीतेगा एनडीए

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश की जनता एनडीए को चार सौ से ज्यादा सीटें देकर विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प कर चुकी है। पटेल बुधवार को लोहरदगा से भाजपा के प्रत्याशी समीर उरांव के नामांकन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि झारखंड की जनता राज्य की सभी 14 सीटों पर एनडीए के प्रत्याशियों को जीत तो दिलाएगी ही, इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में भी भाजपा की सरकार बनाएगी। डबल इंजन की सरकार ही राज्य का तेज विकास कर सकती है।
APR 24, 2024 18:44 IST

हाथरस से BJP सांसद राजवीर दिलेर की हार्ट अटैक से मौत

उत्तर प्रदेश के हाथरस से BJP सांसद राजवीर दिलेर की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। बीजेपी सांसद राजवीर दिलेर उत्तर प्रदेश की हाथरस लोकसभा सीट से साल 2019 का चुनाव जीते थे। इस बार 2024 में पार्टी ने उनका टिकट काटकर अनूप प्रधान को प्रत्याशी बनाया है।
APR 24, 2024 18:25 IST

America के मिनेसोटा में एक कार में लगी भीषण आग

अमेरिका के मिनेसोटा में एक राजमार्ग पर जलती हुई कार से खड़े लोगों ने एक 71 वर्षीय व्यक्ति को बचाया। जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों की बहादुरी का एक कारनामा इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में, लोगों के एक समूह को जलती हुई कार की ओर भागते हुए और अंदर फंसे एक ड्राइवर को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हुए कैद किया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर
APR 24, 2024 17:24 IST

चुनावी बॉन्ड घोटाले की SIT जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका

सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है जिसमें तथाकथित "चुनावी बॉन्ड घोटाले" की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा शीर्ष अदालत के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग की गई है। अधिवक्ता प्रशांत भूषण के माध्यम से दायर याचिका में कहा गया है कि शीर्ष अदालत के निर्देशों पर सामने आये चुनावी बॉन्ड के आंकड़े दिखाते हैं कि इसका बड़ा हिस्सा कॉर्पोरेट्स द्वारा राजनीतिक दलों को अनुबंध, लाइसेंस और सरकारों या प्राधिकारियों से पट्टे प्राप्त करने के बदले प्रत्युपकार के रूप में दिया गया है। इसके अलावा, आरोप लगाया गया कि कॉर्पोरेट्स द्वारा राजनीतिक दलों को चुनावी बॉन्ड अनुकूल नीतिगत बदलावों के लिए और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर या केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों द्वारा कार्रवाई के करीब दिए गए थे।
APR 24, 2024 17:23 IST

राजद को इलेक्टोरल बॉन्ड में शराब कंपनियों से रुपए आए : जदयू

जनता दल यूनाइटेड ने बुधवार को राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि 17 महीने जब राजद सरकार में रही तब इलेक्टोरल बॉन्ड में राजद को शराब कंपनियों से पैसे आए हैं। जदयू के विधान पार्षद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि सबको लगता था कि क्यों गठबंधन टूट गया, क्यों अलग हुए, धीरे-धीरे सभी कारणों का खुलासा करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार के अंदर पूर्ण शराबबंदी लागू है। राजद के पास जुलाई 2023 से जनवरी 2024 तक केवल सात महीने में 70 करोड़ का इलेक्टोरल बॉन्ड आया। यह जानकर आश्चर्य होगा कि राजद को शराब कंपनियों से 46.64 करोड़ रुपए चंदे में मिले हैं। मतलब है कि 63 प्रतिशत इलेक्टोरल बॉन्ड में शराब कंपनियों से पैसा आया है।
APR 24, 2024 17:17 IST

पीएम मोदी के 400 पार का लक्ष्य होगा पूरा : सीएम धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देवभूमि में लोकसभा की सभी पांच सीटें जीतेगी और पीएम मोदी के 400 सीट जीतने का लक्ष्य भी पूरा होगा। सीएम धामी ने कहा कि इस बार फिर भाजपा उत्तराखंड की सभी 5 सीटें जीतेगी। इसमें कोई संदेह नहीं है और बड़े अंतर से जीतेगी। कुछ लोग कह रहे हैं कि वोटों का अंतर कम होगा, मतदान कम हुआ है। नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने वाले लोगों ने जमकर मतदान किया है, जो कांग्रेस समर्थित थे, अन्य विरोधी पार्टियां थी, उनके जो मतदान करने वाले लोग थे, वह अनुपस्थित रहे हैं। इसलिए ऐसा लग रहा है कि वोटों का अंतर कम नहीं, बल्कि बढ़ने वाला है।
APR 24, 2024 17:12 IST

महाराष्ट्र के यवतमाल में चुनावी रैली के दौरान नितिन गडकरी हुए बेहोश

महाराष्ट्र के यवतमाल में महायुति की उम्मीदवार राजश्री पाटिल के प्रचार के दौरान बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की तबीयत बिगड़ गई। भाषण के दौरान गडकरी को चक्कर आ गया। और वो मंच पर ही गिरने लगे। वीडियो में गडकरी को कुछ लोग पकड़ते दिखाई दे रहे हैं। बताया गया है कि उनका इलाज जारी है और उनकी तबीयत स्थिर है। नितिन गडकरी नागपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। वहां मतदान हो चुका है। वो अपनी पार्टी और सहयोगियों के लिए अलग-अलग जगह जाकर प्रचार कर रहे हैं।
APR 24, 2024 16:52 IST

‘इंडिया' गठबंधन की सरकार बनी तो करोड़ों लखपति बनेंगे: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया कि ‘महालक्ष्मी योजना’ और ‘अप्रेंटिसशिप’ (प्रशिक्षुता) का उनकी पार्टी का वादा करोड़ों ‘लखपति’ बनाकर देश का चेहरा बदल देगा। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य गरीबों, महिलाओं और युवाओं का उत्थान करना है। गांधी ने महाराष्ट्र के अमरावती जिले में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया में कोई ताकत भारत के संविधान को नहीं बदल सकती। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र में किए गए विभिन्न वादों में ‘महालक्ष्मी योजना’ और प्रशिक्षुता के अधिकार को सूचीबद्ध किया है।
APR 24, 2024 16:50 IST

अखिलेश यादव कल कन्नौज से करेंगे नामांकन

सपा ने कन्नौज सीट से कई बार उम्मीदवार बदले हैं, लेकिन अब सामने आया है कि यूपी के सीएम रहे अखिलेश खुद ही इस सीट से सांसदी के लिए चुनावी मैदान में उतरेंगे।