LIVE

आज की ताजा खबर, Aaj Ki Taza Khabar, 03 दिसंबर 2023: मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीगढ़ में बीजेपी का दिखा दम; तेलंगाना में कांग्रेस का जलवा

रामानुज सिंहUpdated Dec 3, 2023, 18:33 IST
Follow on Google News
Aaj Ki Taza Khabar,  Assembly Elections Results 2023

आज की ताजा खबर, Aaj Ki Taza Khabar, 03 दिसंबर 2023: मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीगढ़ में बीजेपी का दिखा दम; तेलंगाना में कांग्रेस का जलवा

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 03 दिसंबर 2023 और बड़ी खबरें: चार राज्य राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में हुए विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती में भाजपा ने तीन राज्यों में अपना दम दिखाया है। इन चारों राज्यों में से राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में बीजेपी का जलवा दिखा, जबकि तेलंगाना में कांग्रेस का दम देखने को मिला। चुनाव के नतीजे न केवल देश के राजनीतिक परिदृश्य बल्कि राज्यों के कई कद्दावर क्षत्रपों, खासकर बीजेपी नेताओं के लिए एक निर्णायक मोड़ ला सकते हैं। दशकों तक इन नेताओं के इर्द-गिर्द संबंधित राज्य की राजनीति घूमती रही है। देशभर की और खास खबरें जाने के लिए नीचे पढ़ें- चार राज्यों के चुनाव नतीजे | मध्य प्रदेश चुनाव नतीजे | राजस्थान चुनाव नतीजे | तेलंगाना चुनाव नतीजे | ECI Assembly Election Results 2023

DEC 03, 2023 16:36 IST

सीएम योगी ने विधानसभा चुनावों में भाजपा को जीत की दी बधाई

तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में कमल खिलने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने ऑफिशियल अकाउंट के जरिए जीत की बधाई दी है। सीएम योगी ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मिली जीत बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में चार राज्यों के चुनाव परिणामों में तीन राज्यों में बीजेपी की भारी हैट्रिक लगना 'मोदी की गारंटी' पर 'जनता के विश्वास की गारंटी' है। सीएम ने इस जीत पर भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं व सम्मानित मतदाताओं को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।
DEC 03, 2023 15:12 IST

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे झालरापाटन से जीतीं

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता वसुंधरा राजे झालरापाटन विधानसभा सीट से चुनाव जीत गई हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, राजे ने 53,193 मतों से जीत दर्ज की।
DEC 03, 2023 12:41 IST

पूरा देश पीएम मोदी की गारंटी पर विश्वास करता है- अश्विनी वैष्णव

मध्य प्रदेश के नतीजे पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता अश्विनी वैष्णव कहा कि पूरा देश पीएम मोदी की गारंटी पर विश्वास करता है और देश को विकसित बनाने के लिए पीएम मोदी के संकल्प में शामिल होना और समर्थन करना चाहता है और आज के नतीजे यह स्पष्ट रूप से दिखाते हैं। दिग्विजय सिंह और कमल नाथ अब इतिहास हैं। आपको उन्हें भूल जाना चाहिए और विकास के पथ पर आगे बढ़ना चाहिए।
DEC 03, 2023 12:38 IST

दिग्विजय सिंह की हर बद्दुआ का स्वागत करता हूं- ज्योतिरादित्य सिंधिया

मध्य प्रदेश चुनाव नतीजे पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मैं दिग्विजय सिंह की हर बद्दुआ का स्वागत करता हूं और मैं उन्हें शुभकामनाएं देना चाहता हूं। जहां तक कांग्रेस का सवाल है, वे(कांग्रेस) तो कल लड्डू खरीद रहे थे, बधाई के पोस्टर भी लग गए थे। हम लोग चुपचाप से अपना काम कर रहे थे क्योंकि हमें पूरा विश्वास था कि जनता का पूरा आशीर्वाद भाजपा के साथ है।
DEC 03, 2023 12:36 IST

MP के दिग्गजों की सीट का LATEST रिजल्ट

दतिया से नरोत्तम मिश्रा 2243 मतों से पीछे। बुधनी से शिवराज सिंह चौहान 7वें राउंड में 44995 वोटों से आगे। छिंदवाड़ा से सीएम कमलनाथ 7वें राउंड में 13616 वोटों से आगे। दिमनी से नरेंद्र सिंह तोमर 4568 वोटों से आगे। नरसिंहपुर से केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल 6923 वोटों से आगे। निवास से फग्गन सिंह कुलस्ते पीछे, सातवें राउंड में 11196 मतों से पीछे। इंदौर-1 से कैलाश विजयवर्गीय चौथे राउंड में 19940 वोटों से आगे। सीधी से बीजेपी प्रत्याशी रीति पाठक दूसरे राउंड में 2838 वोटों से आगे। सतना से सांसद गणेश सिंह 1004 वोटों से आगे। जबलपुर पश्चिम से राकेश सिंह सातवें राउंड में 16275 वोटों से आगे।
DEC 03, 2023 12:26 IST

सनातन धर्म का विरोध करने का अभिशाप है- आचार्य प्रमोद कृष्णम

मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पिछड़ने पर पार्टी नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम कहा कि सनातन (धर्म) का विरोध करने से पार्टी डूब गई है। इस देश ने कभी भी जाति-आधारित राजनीति को स्वीकार नहीं किया है। यह सनातन (धर्म) का विरोध करने का अभिशाप है।
DEC 03, 2023 11:30 IST

मध्य प्रदेश के मन में मोदी हैं-अश्विनी वैष्णव

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बीजेपी की प्रचंड विजय हुई है। मध्य प्रदेश के मन में मोदी हैं, मोदी के मन में मध्य प्रदेश है। 18 सालों तक प्रदेश में हमारी सरकार रही और अच्छा काम हुआ। जितना अच्छा काम शिवराज सिंह चौहान ने किया, उतना ही अच्छा काम डबल इंजन की सरकार ने किया है। उसका आशीर्वाद आज जनता ने दिया है।
DEC 03, 2023 10:15 IST

तेलंगाना विधानसभा चुनाव: कांग्रेस को 65 सीट पर बढ़त

तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस 119 में से 65 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। इस चुनाव के लिए 30 नवंबर को मतदान हुआ था। शुरुआती रुझानों के अनुसार, कांग्रेस राज्य में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से आगे है। बीआरएस 39 सीट पर आगे है। राज्य की 119 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में मतों की गिनती रविवार सुबह आठ बजे मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। मतों की गणना की शुरुआत डाक मतपत्रों की गिनती से हुई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छह और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) चार सीट पर बढ़त बनाए हुए है। दक्षिणी राज्य में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को साधारण बहुमत हासिल करेन के लिए कम से कम 60 सीट जीतनी होंगी। के. चन्द्रशेखर राव के नेतृत्व वाली बीआरएस 2014 में तेलंगाना को राज्य का दर्जा दिए जाने के बाद से सत्ता पर काबिज है। इसने 2018 का चुनाव भी जीता था। पार्टी इस बार भी लगातार तीसरी बार जीत की उम्मीद कर रही है। कांग्रेस ने सत्तारूढ़ दल को सत्ता से हटाने के उद्देश्य से पूरे जोर-शोर से चुनाव प्रचार अभियान चलाया था। भाजपा ने भी अपने प्रचार अभियान के दौरान सत्तारूढ़ सरकार के खिलाफ तीखा हमला किया था।
DEC 03, 2023 09:08 IST

Michaung Cyclone: तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

Michaung Cyclone: आईएमडी ने आंध्र प्रदेश और आसपास के उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। बंगाल की दक्षिण-पश्चिमी खाड़ी पर गहरा दबाव एक चक्रवाती तूफान में बदल गया।
DEC 03, 2023 08:32 IST

राजस्थान में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिलेगी- बीजेपी अध्यक्ष सीपी जोशी

राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि पूर्ण बहुमत, स्पष्ट बहुमत, प्रचंड बहुमत-यह जनता ने आशीर्वाद बीजेपी को दिया है। आज कुशासन का अंत हो रहा है, असत्य हार रहा है और सुशासन आएगा, न्याय की जीत होगी और यही जनता ने जनादेश दिया है।
DEC 03, 2023 07:48 IST

125-150 सीटें जीतेगी बीजेपी-नरोत्तम मिश्रा

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह लोकतंत्र का महापर्व है और इस पर्व में जनता ने भागीदारी भी बढ़-चढ़ कर ली। मतदान ज्यादा हुआ है। भाजपा की सरकार बनने जा रही है। 125-150 सीटें जीतेंगे।
DEC 03, 2023 07:25 IST

छत्तीसगढ़ में बीजेपी बनाएगी सरकार-रमन सिंह

भाजपा नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में स्पष्ट बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनने जा रही है इसमें कोई संदेह नहीं है।
DEC 03, 2023 06:52 IST

कांग्रेस पार्टी डरी हुई है, घबराई हुई है-बीजेपी नेता अरुण साव

छत्तीसगढ़ में वोटों की गिनती पर बीजेपी नेता छत्तीसगढ़ बीजेपी अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी डरी हुई है, घबराई हुई है। जब भी कांग्रेस हारने वाली होती है या हारती है थो आरोप लगाती है। कभी EVM पर सवाल उठाते हैं कभी संविधान बदलने की बात करते हैं, कभी कुछ और बात करते हैं, ये बताता है कि कांग्रेस पार्टी चुनाव हारने वाली है। वास्तव में छत्तीसगढ़ की जनता ने इन्हें रिजेक्ट कर दिया है।
DEC 03, 2023 06:24 IST

एमपी में फिर बनेगी शिवराज सरकार-अरविंद सिंह भदोरिया

मध्य प्रदेश में वोटों की गिनती पर भाजपा नेता अरविंद सिंह भदोरिया ने कहा कि जनता की कृपा से मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने वाली है। जनता के हितों के साथ अगर कोई खड़े रहे हैं तो वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान थे। कांग्रेस के दावे खोखले हैं। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को डूबोने का काम किया है।
DEC 03, 2023 06:07 IST

दस्तावेज लीक मामले में इमरान खान, कुरैशी के खिलाफ सुनवाई 4 दिसंबर तक स्थगित

पाकिस्तान की एक अदालत ने गोपनीय दस्तावेज लीक मामले में जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के खिलाफ सुनवाई सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी है। इमरान खान को, पिछले साल मार्च में वाशिंगटन स्थित पाकिस्तानी दूतावास द्वारा भेजे गए एक एक गोपनीय राजनयिक दस्तावेज लीक कर साशकीय गोपनीयता अधिनियम का उल्लंघन करने के आरोप में मामला दर्ज होने के बाद इस वर्ष अगस्त में गिरफ्तार किया गया था। विशेष अदालत के न्यायाधीश अबुल हसनत जुल्करनैन ने रावलपिंडी की अडियाला जेल में हुई सुनवाई की अध्यक्षता की, जहां दोनों नेताओं को कैद रखा गया है।
DEC 03, 2023 05:57 IST

गुजरात: भरूच के कई हिस्सों में भारी बारिश

DEC 03, 2023 05:55 IST

हिमाचल प्रदेश: लाहौल और स्पीति के केलांग में हुई बर्फबारी

DEC 03, 2023 05:53 IST

आज चक्रवाती तूफान का रूप लेगा, चक्रवात मिचौंग

दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हवा का निम्न दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर तीन दिसंबर को एक चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा, जिसके फलस्वरूप तमिलनाडु के तटीय जिलों एवं अंदरूनी हिस्सों में भारी से बेहद भारी वर्षा होने की संभावना है। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को दी। महानगर और इसके आसपास के जिलों में शनिवार देर रात तेज बारिश हुई।तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कहा कि अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश के पूर्वानुमान के बाद, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और स्थानीय निकाय के सदस्यों को संबंधित इलाकों में लोगों की मदद करनी चाहिए। मुख्य सचिव शिव दास मीणा ने यहां वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एहतियाती उपायों की समीक्षा की। दक्षिण मध्य रेलवे ने चक्रवात ‘मिचौंग’ के कारण 3 से 7 दिसंबर तक लंबी दूरी की 118 ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की। आईएमडी ने अपने नवीनतम बुलेटिन में कहा कि यह चक्रवात 4 दिसंबर की सुबह तक दक्षिण आंध्र प्रदेश और निकटवर्ती उत्तरी तमिलनाडु तटों के पास पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी पहुंच जाएगा। आईएमडी ने कहा कि उसके बाद वह उत्तर की ओर बढ़ेगा तथा दक्षिण आंध्रप्रदेश के तट के समानांतर आगे बढ़ते हुए मंगलवार को पूर्वाह्न नेल्लोर एवं मचिलीपट्णम के बीच दक्षिण आंधप्रदेश तट को पार करेगा। इस चक्रवाती गतिविधि के कारण 80-90 किलोमीटर प्रति घंटे से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा बह सकती है। यहां क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक एस बालचंद्रन के अनुसार पुडुकोट्टाई, तंजावुर, तिरूवरूर, नागपट्टिनम, तिरूवल्लूर, चेन्नई, कांचीपुरम, रानीपेट, चेंगालपट्टू, विल्लुपरम और कुड्डालोर जिलों में भारी से बेहद भारी वर्षा होने की संभावना है। दो दिसंबर रात से चार दिसंबर तक दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बह सकती है।
DEC 03, 2023 05:51 IST

मतगणना के पहले दिन जेपी नड्डा ने मुरैना के शनिश्चरा मंदिर में की पूजा

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना के एक दिन पहले भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को राज्य के मुरैना जिले के शनिश्चरा मंदिर में पूजा-अर्चना की। ग्वालियर से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित शनिश्चरा मंदिर में पुजारियों के मंत्रोच्चार के बीच नड्डा ने पूजा-अर्चना की। उनके साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा नेता भी थे। शनिवार को 63 वर्ष के हुये नड्डा ने शुक्रवार को दतिया जिले में प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ का दौरा किया था और विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी की जीत के लिए आयोजित एक विशेष अनुष्ठान में भाग लिया था। समाचार चैनलों द्वारा 30 नवंबर को प्रसारित अधिकतर एग्जिट पोल में मध्यप्रदेश में भाजपा को बढ़त दी गई है। मप्र के 230 सदस्यीय विधानसभा के लिए 17 नवंबर को मतदान हुआ था।
DEC 03, 2023 05:49 IST

तेलंगाना के लिए कांग्रेस उत्साहित

तेलंगाना में कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव लड़ने वाले अपने उम्मीदवारों और एजेंटों को रविवार को प्रक्रिया की निगरानी के लिए पूरे दिन मतगणना केंद्रों पर रहने के लिए कहा है। प्रदेश की 119 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 30 नवंबर को हुए थे। पार्टी सूत्रों ने यहां बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ डिजिटल बैठक की और उन्हें सतर्क रहने को कहा।सूत्रों ने यह भी कहा कि कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शनिवार को हैदराबाद पहुंचने की उम्मीद है। समझा जाता है कि उनकी यात्रा राज्य के पार्टी नेताओं की मदद करने और विधायकों की किसी भी खरीद-फरोख्त को रोकने के लिए है। इससे पहले दिन में बेंगलुरु में शिवकुमार ने कहा कि कुछ लोग तेलंगाना में उम्मीदवारों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, हालांकि, कांग्रेस इसे स्थानीय स्तर पर प्रबंधित करेगी। कांग्रेस के तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करने का भरोसा जताते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि एग्जिट पोल में भी राज्य में पार्टी को बढ़त मिलने की भविष्यवाणी की गई है।