
आज की ताजा खबर, 15 नवंबर: CJI सरीखे पदों की स्वयंभू योद्धा न कर सकते आलोचना- कोर्ट, यहां 31 लाख किसान परिवारों को मिलेंगे 3,500 रुपए
Aaj ka Taza Khabar 15 November 2022: भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) के तौर पर न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़ की नियुक्ति को चुनौती देने वाली एक जनहित याचिका (पीआईएल) को खारिज करते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय ने कहा है कि संवैधानिक पदाधिकारियों के पदों की सतही आरोपों के आधार पर जनहित में स्वयंभू योद्धाओं द्वारा आलोचना नहीं की जा सकती। इस बीच, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के 23वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को घोषणा की कि प्रदेश के सूखाग्रस्त 226 प्रखंडों में लगभग 31 लाख किसान परिवारों को सूखा राहत हेतु 3,500 रुपए की राशि तत्काल उपलब्ध करायी जाएगी। भारत जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक (सीसीपीआई), 2023 में 63 देशों की सूची में दो पायदान ऊपर चढ़कर आठवें स्थान पर आ गया है और इसका श्रेय उसके निम्न उत्सर्जन एवं नवीकरणीय ऊर्जा के लगातार बढ़ते उपयोग को जाता है। पढ़ें, आज की बड़ी और अहम खबरें: