Priyanka Gandhi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के सोलन (Solan) से विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। सोलन के ठोडो मैदान में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने पहाड़ी राज्य के लोगों से दो बड़े वादे किए और आश्वासन दिया कि नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में दो बड़े फैसले लिए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश के लोगों से प्रियंका गांधी का बड़ा चुनावी वादा
1 लाख सरकारी नौकरी और पुरानी पेंशन स्कीम भी होगी लागू- प्रियंका गांधी
हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh Assembly Elections 2022) में कांग्रेस (Congress) की ये पहली रैली है, जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पहले ही तीन रैलियां कर चुकी है। सभी तीनों रैलियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद संबोधित किया है। सोलन में प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं आज आपको गारंटी दे रही हूं कि यहां कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में दो बड़े फैसले लिए जाएंगे, जिसमें पहला एक लाख सरकारी नौकरी देना और दूसरा पुरानी पेंशन योजना को लागू करना है।
इसके अलावा प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर निशाना साधा और कहा कि वे पुरानी पेंशन योजना को वापस नहीं लाना चाहते हैं क्योंकि वे अपने बड़े व्यापारियों के लोन माफ करने में व्यस्त हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि आपको अपने भविष्य के बारे में सोचना चाहिए। बीजेपी के पास पेंशन के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन वे अपने बड़े व्यापारियों का कर्ज माफ कर सकते हैं। उनके पास युवाओं, कर्मचारियों और महिलाओं के लिए कुछ भी नहीं है। पिछले पांच साल से राज्य में सरकारी पद खाली पड़े हैं। प्रियंका ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में 60,000 से अधिक पद खाली हैं, लेकिन युवाओं को नौकरी नहीं दी जा रही है।
वहीं कांग्रेस को विश्वास है कि प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार से सकारात्मक संदेश जाएगा। 1985 से हिमाचल में हर बार सत्ता परिवर्तन होता है और इसी को देखते हुए कांग्रेस सत्ता में वापसी की उम्मीद कर रही है। इससे पहले आज प्रियंका गांधी ने सोलन के ठोडो मैदान में 'परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली' को संबोधित करने से पहले शूलिनी मंदिर में मत्था टेका।
