देश

Himachal Pradesh Election 2022 Date, Schedule: हो गई घोषणा, हिमाचल में 12 नवंबर को डाले जाएंगे वोट

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 14, 2022, 09:01 PM IST

Himachal Pradesh Assembly Election 2022 Date, Schedule: हिमाचल विधानसभा का कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को समाप्त हो रहा है। सदन में भाजपा के 43 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 22 विधायक हैं। पिछले साल 30 अक्टूबर को राज्य में हुए उपचुनाव में बीजेपी, मंडी संसदीय सीट और तीन विधानसभा सीटें फतेहपुर, अर्की और जुबई-कोठकाई, कांग्रेस के हाथों हार गई थीं।

Himachal Pradesh Assembly Election 2022 Date, Schedule: चुनाव आयोग ने हिमाचल में होने वाले अगले विधानसभा चुनावों के कार्यक्रमों की घोषणा कर दी है। हिमाचल में एक ही चरण में मतदान होंगे। यहां 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 8 दिसंबर को रिजल्ट आएगा। चीफ इलेक्शन कमिश्ननर ऑफ इंडिया राजीव कुमार ने दिल्ली में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान इसकी घोषणा की है।

कार्यक्रम की डिटेल

इस प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ने लोगों से सतर्क रहने और आगामी चुनावों के लिए चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी भ्रष्ट आचरण की रिपोर्ट करने को कहा है। राज्य में नामांकन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है।

himachal election

हिमाचल प्रदेश चुनाव कार्यक्रम

अभी का क्या है हाल

राज्य में अभी बीजेपी की सरकार है और यहां उसका सीधा मुकाबला कांग्रेस से है। वहीं अरविंद केजरीवाल की पार्टी आप इस चुनाव को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश कर रही है। राज्य में पिछले तीन दशकों में कोई भी पार्टी लगातार सत्ता में वापसी नहीं कर पाई है। पिछली बार बीजेपी ने कांग्रेस को पटखनी देकर सत्ता में वापसी की थी। हालांकि इस बार पलड़ा बीजेपी का ही भारी दिख रहा है। कांग्रेस के कई बड़े नेता पार्टी छोड़कर चले गए हैं। ऐसे में कांग्रेस इतिहास के भरोसे तो है, लेकिन उसकी हालत कमजोर ही दिख रही है। वहीं आम आदमी पार्टी ने भी इस चुनाव में ताकत झोंक रखी है, लेकिन उसके भी कई प्रमुख नेता पार्टी छोड़कर बीजेपी में जा चुके हैं।

कांग्रेस और आप

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को पिछले महीने उसके कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन के भाजपा में शामिल होने से बड़ा झटका लगा है। वहीं राज्य में पैर जमाने की कोशिश कर रही AAP ने बेरोजगारी भत्ता और छह लाख सरकारी नौकरियों का वादा किया है।

पिछले चुनाव का हाल

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 68 विधानसभा सीटें हैं। बहुमत के लिए 35 सीटें चाहिए। हिमाचल प्रदेश में पिछली बार बीजेपी ने 44 और कांग्रेस ने 21 सीटें जीती थीं। आज की तारीख में बीजेपी के पास 43 विधायक हैं और कांग्रेस के पास 22 विधायक हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article