ग्रेटर नोएडा। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से पहले गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में एयरपोर्ट और उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर पुलिस ढांचे का व्यापक विस्तार किया जा रहा है, ताकि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को उच्च स्तरीय सुरक्षा और त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इस योजना के तहत ‘जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन’ की स्थापना एयरपोर्ट टर्मिनल के भीतर कर दी गई है। इसके साथ ही जेवर इंटरचेंज, करौरल अंडरपास, अच्छेजा कट और बील कट पर चार अस्थायी पुलिस चौकियां भी सक्रिय कर दी गई हैं। वहीं एयरपोर्ट के बाहरी हिस्से में ‘जेवर इंटरनेशनल टर्मिनल पुलिस स्टेशन’ की स्थापना की प्रक्रिया चल रही है।
डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन में निरीक्षक, उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, कंप्यूटर ऑपरेटर और अन्य कर्मियों सहित पूर्ण पुलिस बल की तैनाती को मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा अस्थायी चौकियों पर 49 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जो एयरपोर्ट क्षेत्र में आने-जाने वाले यात्रियों और वाहनों की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था संभालेंगे।
यमुना एक्सप्रेस-वे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे और दिल्ली–मुंबई हाईवे पर निगरानी के लिए आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनका संचालन कंट्रोल रूम से किया जाएगा। सभी थानों और चौकियों को डिजिटल पुलिसिंग सिस्टम से जोड़ा जा रहा है, जिससे रियल-टाइम सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
इसके साथ ही इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। प्रत्येक चौकी क्षेत्र में 112 पीआरवी वाहनों की तैनाती से आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस का मानना है कि यह व्यवस्था जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के सबसे सुरक्षित एयरपोर्ट क्षेत्रों में शामिल करने की दिशा में अहम कदम साबित होगी।
