उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 के रिजल्ट को लेकर सामने आ रही शिकायतों और आपत्तियों पर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने अभ्यर्थियों की समस्याओं और रिजल्ट से जुड़े विवादों की जांच के लिए 5 सदस्यीय समिति का गठन किया है। अब जिन अभ्यर्थियों को अपने परिणाम, अंकों या मूल्यांकन को लेकर कोई शिकायत है, वे 10 सितंबर 2026 तक अपनी आपत्ति या प्रत्यावेदन भेज सकते हैं।
ऐसे में जिन अभ्यर्थियों को लगता है कि उनके रिजल्ट में कोई गलती हुई है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी शिकायत भेजनी चाहिए। प्रत्यावेदन भेजते समय अभ्यर्थियों को अपनी समस्या और उससे संबंधित आवश्यक विवरण स्पष्ट रूप से देना होगा, ताकि समिति मामले की जांच कर सके।
10 सितंबर तक भेजना होगा प्रत्यावेदन
आयोग की ओर से जारी ताजा सूचना के मुताबिक, UPTET 2026 रिजल्ट से संबंधित शिकायत या आपत्ति रखने वाले अभ्यर्थी 10 सितंबर तक ई-मेल के माध्यम से अपना प्रत्यावेदन भेज सकते हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार, अभ्यर्थियों को अपनी शिकायत upesscprayagraj@gmail.com पर भेजनी होगी। खास बात यह है कि अब आयोग के कार्यालय में ऑफलाइन प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
बता दें कि UPTET 2026 की प्रोविजनल आंसर-की जुलाई में जारी की गई थी। अभ्यर्थियों को आंसर-की पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 14 जुलाई तक का समय दिया गया था। प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा के बाद फाइनल आंसर-की के आधार पर रिजल्ट तैयार किया गया।
UPESSC ने 26 अगस्त 2026 को UPTET 2026 का रिजल्ट जारी किया था। रिजल्ट आने के बाद कई अभ्यर्थियों ने प्राप्त अंकों, मूल्यांकन और अन्य तकनीकी पहलुओं को लेकर आयोग के सामने अपनी शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसके बाद आयोग ने इन शिकायतों की निष्पक्ष तरीके से जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है।
