हेल्थ

World milk Day: रोज दूध पीते हैं मगर 99% लोगों को नहीं पता Milk से जुड़े ये 10 Facts, जानिए दूध सुपरफूड है या नहीं

10 Facts About Milk In Hindi: जब भी हेल्दी खाने की बात होती है, तो सबसे पहले दिमाग में दूध का नाम आता है। बचपन से ही हमें सिखाया गया है कि दूध पीना सेहत के लिए अच्छा होता है। लेकिन ज्यादातर लोग दूध से जुड़ी कुछ जरूरी बातों और इसे पीने के फायदों के बारे में नहीं जानते हैं। आज हम आपको बताएंगे दूध के सेवन से जुड़े 10 महत्वपूर्ण तत्थ्य....

Image

10 Facts About Milk In Hindi

10 Facts About Milk In Hindi: दूध एक ऐसी चीज है जो लगभग हर घर में रोज इस्तेमाल होती है। बच्चों से लेकर बुज़ुर्गों तक, हम सभी को बचपन से सिखाया जाता है कि दूध पीना सेहत के लिए अच्छा होता है। मगर क्या हम सच में जानते हैं कि दूध हमारे शरीर के लिए क्या-क्या करता है? हर साल 1 जून को वर्ल्ड मिल्क डे मनाया जाता है ताकि लोग दूध के असली फायदों को समझें और इसे अपनी डाइट में सही तरीके से शामिल करें।

डॉ. मोहन डायबिटीज स्पेशियलिटीज सेंटर, चेन्नई की डाइटिशियन मिस आर. मणिमोझी के मुताबिक, दूध को सुपरफूड माना जा सकता है क्योंकि इसमें कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो सेहत के लिए बहुत जरूरी हैं। लेकिन कुछ लोग इसे बिना पूरी जानकारी के पीते हैं, जिससे फायदे की जगह नुकसान हो सकता है। चलिए जानते हैं दूध से जुड़े 10 अहम फैक्ट्स, जो शायद अब तक आपने नहीं सुने होंगे।

दूध के सेवन से जुड़े 10 महत्वपूर्ण फैक्ट्स - 10 Important Facts About Milk Consumption In Hindi

1. पोषण से भरपूर है दूध

दूध सिर्फ सफेद रंग का ड्रिंक नहीं, बल्कि एक पूरा पोषण पैकेट है। एक गिलास दूध में कैल्शियम, प्रोटीन, पोटैशियम, फॉस्फोरस, विटामिन B12 और विटामिन D जैसे जरूरी पोषक तत्व होते हैं।

डायटीशन के अनुसार, दूध न सिर्फ हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूत करता है, बल्कि ये दिमागी सेहत, त्वचा और बालों के लिए भी फायदेमंद है। विटामिन B6 नई स्किन सेल्स बनाने में मदद करता है और B12 बालों की ग्रोथ में काम आता है। दूध में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट स्किन को फाइन लाइन्स और एजिंग से भी बचाते हैं।

World Milk Day 2025

World Milk Day 2025

2. दिल की सेहत का रखवाला

अक्सर लोग सोचते हैं कि दूध में फैट होता है और वो दिल के लिए अच्छा नहीं है, लेकिन ये पूरी सच्चाई नहीं है। लो-फैट या स्किम्ड दूध में पूरे दूध के पोषक तत्व तो मिलते हैं, लेकिन सैचुरेटेड फैट कम होता है, जिससे कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में रखने में मदद मिलती है। इसलिए अगर आप अपने दिल का ख्याल रखना चाहते हैं तो लो-फैट दूध एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

3. हड्डियों को मजबूत बनाता है दूध

हड्डियों के लिए दूध का नाम सबसे पहले आता है, और ये सही भी है। इसमें कैल्शियम और विटामिन D की मात्रा हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करती है। नियमित रूप से दूध पीने से ऑस्टियोपोरोसिस जैसी हड्डी की बीमारियों से बचाव हो सकता है, खासतौर पर बुज़ुर्गों और महिलाओं के लिए ये बेहद फायदेमंद है।

साथ ही दूध मांसपेशियों की मरम्मत और विकास में भी मदद करता है, इसलिए इसे स्पोर्ट्स करने वाले या फिटनेस मेंटेन करने वाले लोग जरूर शामिल करते हैं।

4. कुछ लोगों को हो सकता है दूध से पिंपल्स

ये बात थोड़ी चौंकाने वाली हो सकती है, लेकिन कुछ रिसर्च बताती हैं कि खासकर स्किम्ड मिल्क पीने से कुछ लोगों को पिंपल्स या मुंहासे हो सकते हैं। हालांकि यह असर सभी पर नहीं होता और इसका वैज्ञानिक प्रमाण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

दूध में मौजूद प्रोटीन कोलेजन प्रोडक्शन को भी बढ़ाता है, जो स्किन को ज्यादा टाइट और हेल्दी बनाता है। इसलिए यह असर व्यक्ति पर निर्भर करता है।

Milk Benefits In Hindi

Milk Benefits In Hindi

5. हाई-क्वालिटी प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत

हर एक गिलास दूध में लगभग 8 ग्राम प्रोटीन होता है, जिसमें सभी नौ जरूरी अमीनो एसिड्स शामिल होते हैं। मणिमोझी बताती हैं कि दूध में दो तरह के प्रोटीन होते हैं जैसे केसीन और व्हे, जो दोनों ही हाई क्वालिटी प्रोटीन माने जाते हैं।

ये प्रोटीन शरीर की मसल्स रिपेयर करने, ग्रोथ बढ़ाने और ओवरऑल हेल्थ में काफी मददगार होते हैं। खासकर बच्चों, खिलाड़ियों और बुज़ुर्गों के लिए दूध एक जरूरी आहार बन जाता है।

6. वजन घटाने में भी मददगार

कुछ स्टडीज में यह देखा गया है कि दूध में मौजूद प्रोटीन और फैट से लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है, जिससे ओवरईटिंग से बचा जा सकता है।

हालांकि, इसका असर हर किसी पर एक जैसा नहीं होता और इस पर अभी और रिसर्च की जरूरत है। लेकिन लो-फैट दूध को डाइट में शामिल करना वज़न कंट्रोल का एक अच्छा तरीका हो सकता है।

7. लैक्टोज इन्टॉलरेंस एक आम समस्या

हर किसी का शरीर दूध को पचाने में सक्षम नहीं होता। बहुत से लोगों को दूध पीने के बाद गैस, पेट फूलना या पेट दर्द जैसी समस्या होती है। ये होता है लैक्टोज इन्टॉलरेंस की वजह से, जो खासकर एशिया और अफ्रीका के लोगों में ज्यादा पाया जाता है। ऐसे लोगों को लैक्टोज-फ्री दूध या प्लांट-बेस्ड विकल्प जैसे सोया, ओट्स या बादाम दूध पीने की सलाह दी जाती है।

Doodh Peene Ke Fayde

Doodh Peene Ke Fayde

8. फोर्टिफाइड दूध से मिलते हैं अतिरिक्त फायदे

आजकल कई देशों में दूध को विटामिन D और अन्य पोषक तत्वों से फोर्टिफाई किया जाता है। मणिमोझी के मुताबिक, फोर्टिफाइड दूध पीने से इम्यूनिटी बढ़ती है, हड्डियां मजबूत होती हैं और मानसिक स्वास्थ्य पर भी अच्छा असर पड़ता है। खासतौर पर उन लोगों के लिए जो धूप में कम निकलते हैं, उनके लिए फोर्टिफाइड दूध एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

9. प्लांट-बेस्ड दूध बन रहा है पॉपुलर विकल्प

आजकल कई लोग दूध के बजाय प्लांट-बेस्ड विकल्प जैसे बादाम, सोया, नारियल या ओट्स मिल्क को पसंद कर रहे हैं। इसके पीछे कई कारण हैं जैसे लैक्टोज इन्टॉलरेंस, एलर्जी, या फिर वेगन लाइफस्टाइल। हालांकि, ध्यान रखें कि ये मिल्क तभी फायदेमंद होते हैं जब ये फोर्टिफाइड हों। वरना इनमें कैल्शियम और प्रोटीन की मात्रा कम हो सकती है।

10. क्या दूध वाकई सुपरफूड है?

डायटीशियन आर. मणिमोझी कहती हैं कि दूध में इतने पोषक तत्व होते हैं कि इसे सुपरफूड कहना गलत नहीं होगा, खासकर बच्चों, बुज़ुर्गों और ऐथलीट्स के लिए। हालांकि, हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है। जिन लोगों को दूध से एलर्जी है या लैक्टोज इन्टॉलरेंस है, उनके लिए ये सही नहीं है। इसलिए दूध को अपने डाइट में शामिल करने से पहले अपनी सेहत और शरीर की जरूरतों को समझना ज़रूरी है।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article