देश

'NDA के साथ जाने का सवाल नहीं, विपक्षी मुझे लेना नहीं चाहते', चंद्रशेखर ने बताया चुनावी प्लान, हर सीट पर प्रत्याशी उतारने का किया एलान

गठबंधन को लेकर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि एनडीए के साथ जाने का कोई सवाल नहीं है। विपक्षी दल भी उन्हें अपने साथ नहीं लेना चाहते। उन्होंने कहा कि हमने उनके साथ आने की कोशिश की, लेकिन लगता है कि वे बीजेपी को हराने में दिलचस्पी नहीं रखते, क्योंकि 2017 और 2022 में भी वे बीजेपी को नहीं हरा पाए।

Image

चंद्रशेखर आजाद ने बताई चुनावी रणनीति।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी हर सीट पर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए जिला और मंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद बीजेपी को सत्ता से हटाना है। पार्टी ने कई उम्मीदवारों के इंटरव्यू किए हैं और जल्द ही प्रत्याशियों का ऐलान किया जाएगा।

एनडीए के साथ जाने का कोई सवाल नहीं

गठबंधन को लेकर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि एनडीए के साथ जाने का कोई सवाल नहीं है। विपक्षी दल भी उन्हें अपने साथ नहीं लेना चाहते। उन्होंने कहा कि हमने उनके साथ आने की कोशिश की, लेकिन लगता है कि वे बीजेपी को हराने में दिलचस्पी नहीं रखते, क्योंकि 2017 और 2022 में भी वे बीजेपी को नहीं हरा पाए। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह पहले भी बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उसे हराने में नाकाम रहे।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान पर चंद्रशेखर ने कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन की बातचीत चल रही है, लेकिन जिस तरह से दोनों एक-दूसरे के खिलाफ बयान दे रहे हैं और हर सीट पर लड़ रहे हैं, उससे साफ है कि वे अपने सहयोगी के साथ सीटें साझा नहीं करना चाहते।

पार्टी का घोषणा पत्र होगा अलग

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी का घोषणा पत्र अलग होगा। युवाओं और महिलाओं के लिए अलग-अलग घोषणा पत्र जारी किए जाएंगे, जबकि मुख्य घोषणा पत्र में हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देने पर जोर रहेगा। पुरानी पेंशन योजना की बहाली भी पार्टी के प्रमुख मुद्दों में शामिल होगी। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यक मिलकर इस बार बीजेपी को हराएंगे। साथ ही दावा किया कि बीएसपी का संगठन अब पहले की तुलना में काफी कमजोर हो चुका है।

महिला आरक्षण बिल पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह बीजेपी के लिए दोधारी तलवार है। बिल पास होने पर बीजेपी इसका श्रेय लेगी और पास नहीं होने पर विपक्ष को बदनाम करेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि महिला आरक्षण बिल के बाद दलित समुदाय को आरक्षण कैसे दिया जाएगा। चंद्रशेखर आजाद ने दावा किया कि इस बार उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article