Superfoods for strong immunity: सर्दी के मौसम में इंफेक्शन के कारण सर्दी खांसी जैसी परेशानियां आम हैं। खासकर यह मौसम बच्चे और बुजुर्गों के लिए परेशानी वाला होता है। ऐसे में अपने प्रतिरक्षा प्रणाली को इन सभी समस्याओं से लड़ने के लिए तैयार करना बहुत जरूरी है। इम्यूनिटी को बूस्ट करने के लिए शरीर में एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन-सी जैसे कुछ आवश्यक पोषक तत्वों का होना बहुत जरूरी है। आइए जानते हैं सर्दियों में मिलने वाले ऐसे सुपरफूड्स जो आपके शरीर में पोषक तत्वों की कमी को पूरा कर इम्यूनिटी बूस्ट करने में मददगार साबित होंगे।
अमरूद विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर
अमरूद स्वादिष्ट होने के साथ-साथ महत्वपूर्ण पोषक तत्वों का बेहतरीन स्रोत है। पबमेड सेंट्रल के अनुसार, अमरूद विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट का बेहतरीन स्रोत है। यह इम्यून हेल्थ को मेंटेन रखने के साथ ही सर्दी खांसी फैलाने वाले बैक्टीरिया से बचाव का काम करता है। वहीं शरीर पर फ्री रेडिकल्स के प्रभाव को कम कर देता है और सेल्स को डैमेज होने से बचाता है। इसी के साथ इसमें मौजूद फाइबर हार्ट हेल्थ और ब्लड शुगर लेवल के लिए फायदेमंद होते हैं।
अनार एंटीबॉडी प्रोडक्शन को करता है बूस्ट
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की ओर से प्रकाशित डेटा के अनुसार, अनार में मौजूद एंटी इन्फ्लेमेटरी कंपाउंड और विटामिन सी एंटीबॉडी प्रोडक्शन को बूस्ट करते हैं। इससे इम्यून सिस्टम को मजबूती मिलती है। जिससे शरीर को संक्रमण और तरह-तरह की बीमारियों से दूर रहने में मदद मिलती है। अनार को खाने के साथ-साथ इसका जूस भी काफी फायदेमंद होता है।
अदरक में इन्फ्लेमेटरी प्राॅपर्टी
अदरक सर्दियों में इस्तेमाल किए जाने वाला सबसे खास मसाला है। इसकी तासीर गर्म होती है और यह सर्दी-खांसी के संक्रमण को फैलने से रोकने में काफी फायदेमंद माना जाता है। अदरक में एंटी इन्फ्लेमेटरी प्रॉपर्टी पाई जाती है, इसके साथ ही इसमें कई अन्य महत्वपूर्ण पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो इम्यूनिटी को बूस्ट करने में मदद करते हैं। आप इसे अपनी चाय, डिटॉक्स ड्रिंक इत्यादि के तहत ले सकते हैं।
विटामिन सी के लिए खाएं आंवला
सर्दियों में आंवला खाना भी बेहद फायदेमंद रहता है। आंवले में विटामिन सी होता है जिससे शरीर में प्रतिरक्षा बढ़ती है। इसे सीधे खाया जा सकता है। इसके अलावा आंवले का जूस, मुरब्बा, चटनी और कैंडी खाना भी सेहत के लिए लाभकारी है।
(प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)
