हर महीने अगर आप 500 रुपये की बचत करते चलें तो सालभर में यह रकम 6000 रुपये बन जाती है। सुनने में भले ही यह रकम बेहद छोटी लग सकती है लेकिन सालभर में बचे यही 6000 रुपये आपकी जरूरत में काम आ सकते हैं। अच्छी बात तो ये है कि इस बचत के लिए रोजमर्रा की जरूरतों में कोई बड़ी कटौती करने की जरूरत भी नहीं है। बस खर्च करने के तरीके पर थोड़ा ध्यान देकर ऐसी छोटी बचत की जा सकती है, जिसका आपकी लाइफस्टाइल पर भी कोई असर नहीं पड़ेगा।
हर महीने कैसे बचाएं 500 रुपये
अब सवाल यह है कि 500 रुपये हर महीने बचाने की शुरुआत कहां से की जाए। इस शुरुआत को आप बाहर चाय पीने की आदत को कंट्रोल करने से कर सकते हैं। अगर आप हफ्ते में 5 दिन ऑफिस जाते हैं और दिन में 2-3 चाय लेते हैं तो इस घटाकर 2 बार कर सकते हैं। एक चाय की कीमत 10-12 रुपये मानें तो हर हफ्ते 1 चाय घटाकर हफ्ते में 60 रुपये तक बचा सकते हैं।
आने-जाने के खर्च में भी थोड़ी समझदारी मदद कर सकती है। छोटी दूरी के लिए संभव हो तो पैदल चल सकते हैं। मान लीजिए आपके ऑफिस से मेट्रो के लिए 1-2 किलोमीटर का रास्ता है और आपको ऑफिस से रिक्शा भी मिलता है और आप आने-जाने दोनों समय के लिए रिक्शा लेते हैं। ऐसे में आप घर जाते समय जब घर पहुंचने की जल्दी न तो अपने बाकि कलीग के साथ वॉक कर जा सकते हैं। इससे हफ्ते के 5 दिन में आपके आने-जाने का यह खर्च 150 रुपये से घट कर 75 रुपये रह जाएगा।
इसी तरह, खाने-पीने के मामले में भी जहां तक संभव हो, बचत कर सकते हैं। ऑफिस आ रहे हैं तो लंच के लिए घर से खाना लेकर आएं। लंच के अलावा, कुछ स्नैक्स भी ला सकते हैं तो यह भी आपकी खर्च की आदत को कंट्रोल करने में काम आएगा। इससे आप ऑफिस के बाहर मिलने वाली बिरयानी, समोसे या दूसरे फूड आइटम पर पैसा खर्च करने से बच पाएंगे।
इस बचत पर कैसे मिलेगा ब्याज
आप चाहें तो हर हफ्ते की इस बचत को अपनी नॉर्मल सेविंग्स से अलग भी रख सकते हैं। चाहें तो इस छोटी बचत का इस्तेमाल आरडी (Recurring Deposit) के लिए भी कर सकते हैं। इस बचत के साथ साल के अंत में आपको कुछ ब्याज भी मिल जाएगा। यह रकम भले ही बहुत बड़ी न हो, लेकिन यह समझें कि छोटी बचत का असली फायदा एक बड़ी रकम बनाने में नहीं, बल्कि खर्च पर कंट्रोल और नियमित बचत की आदत बनाने से है।
