मानसून में क्यों बढ़ जाते हैं फेफड़ों में इंफेक्शन के मामले, एक्सपर्ट से जानें इससे बचाव के उपाय
- Authored by: गुलशन कुमार
- Updated Aug 22, 2025, 02:01 PM IST
मानसून यानी बरसात का मौसम आते ही हवा में नमी (आर्द्रता) बढ़ जाती है। वहीं इस मौसम में तापमान का बदलाव भी लगातार देखा जाता है। जो आपके लिए सांस से जुड़ी बीमारियों का कारण बन जाता है। आज हम आपको एक्सपर्ट की सहायता से इसके बारे में विस्तार से बताएंगे।
monsoon disease (Photo - Canva)
बरसात यानी मानसून का मौसम आते ही हवा में नमी (आर्द्रता) बढ़ जाती है। वहीं इस मौसम में तापमान भी कभी कम, कभी ज्यादा होता रहता है। यही वजह है कि इस मौसम में बीमारियां का खतरा भी बढ़ जाता है। वातावरण में नमी होने के कारण वायरस, बैक्टीरिया और फंगस (कवक) आदि तेजी से पनपते हैं और लंबे समय तक जिंदा भी रहते हैं। यही कारण है कि इस मौसम में कुछ खास तरह की बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगता है। मानसून से जुड़ी इस हेल्थ प्रॉब्लम को लेकर हमने बात की यशोदा अस्पताल, हैदराबाद, के सलाहकार इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजिस्ट, डॉ. के. युगवीर गौड़ से...
मानसून में क्यों बढ़ता है संक्रमण?
डॉ. के. युगवीर गौड़ के मुताबिक इस मौसम में वातावरण में नमी होने के कारण वायरस, बैक्टीरिया और फंगस (कवक) आदि तेजी से पनपते हैं और लंबे समय तक जिंदा भी रहते हैं। जैसे, फ्लू का वायरस गीली सतहों पर लगभग 2 दिन तक जीवित रह सकता है, लेकिन सूखी जगह पर जल्दी खत्म हो जाता है। यही कारण है कि यह मानसून के मौसम में लोगों के बीच आसानी से फैल जाता है।
कमजोर इम्यूनिटी भी कारण
डॉ. गौड़ ने बताया कि मानसून के मौसम में तापमान में अचानक बदलाव से शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर हो जाती है। इस मौसम में हमारी नाक और गले की पहली सुरक्षा परत पर सबसे नकारात्मक असर दिखाई देता है। यही कारण है कि इस मौसम में इंफेक्शन का खतरा और बढ़ जाता है। इसके साथ ही अस्थमा या फेफड़ों की दूसरी बीमारियों से जूझ रहे लोग, बच्चे और जिनकी इम्यूनिटी कमजोर है, उन्हें इस मौसम में खास ध्यान रखना चाहिए।
कैसे करें बचाव?
- अपने आसपास साफ-सफाई का खास ध्यान रखें।
- जिनको पहले से सांस की बीमारी है, वे इस मौसम में दवाइयां नियमित लें।
- फ्लू और दूसरी जरूरी वैक्सीन समय-समय पर लगवाते रहें।
- घर में नमी और सीलन से बचें, हवा का सही वेंटिलेशन बनाए रखें।
निष्कर्ष - इस तरह कहा जा सकता है कि मानसून का मौसम भले आपको गर्मी से राहत दिलाता हो, लेकिन सावधानी न बरती तो यह सांस से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ा सकता है। इसलिए कुछ हेल्थ से जुड़ी सावधानियां बरतना बहुत जरूरी है।