Watermelon Safety Tips: मुंबई से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। खबरों के मुताबिक, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत उस वक्त हो गई जब उन्होंने रात में बिरयानी खाने के बाद तरबूज खाया। इस घटना के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या वाकई तरबूज जैसे सामान्य फल से जान का खतरा हो सकता है? हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो सीधे तौर पर तरबूज जानलेवा नहीं होता है, लेकिन कुछ परिस्थितियों में यह गंभीर फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकता है। आइए जानते हैं तरबूज खाने को लेकर कौन सी जरूरी सावधानियां बरतें। (Mumbai Food Poisoning Case)
तरबूज कैसे बन सकता है खतरनाक?
हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, जब तरबूत को सही तरीके से स्टोर या काटा न गया हो तो इसमें साल्मोनेला या ई.कोलाई जैसे बैक्टीरिया पनप सकते हैं। वहीं गर्मी में फल जल्दी खराब होते हैं और खुले में कटे फल पर मक्खियां बैठने से संक्रमण का खतरा और बढ़ जाता है। अगर इस तरह के बैक्टीरिया से संक्रमित तरबूज खा लिया जाए, तो उल्टी, दस्त और गंभीर डिहाइड्रेशन हो सकता है, जो कभी-कभी जानलेवा भी साबित हो सकता है।
केमिकल से पकाए गए फल का खतरा
इसके अलावा डॉक्टर्स ने चेतावनी दी है कि बाजार में कई बार फलों को जल्दी पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड जैसे खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है। यह केमिकल शरीर में जाकर जहरीला असर डाल सकता है, जिससे सिरदर्द, चक्कर, उल्टी और गंभीर मामलों में अंगों को नुकसान हो सकता है। लंबे समय तक ऐसे फलों का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है।
तरबूज खाने से पहले बरतें ये सावधानियां
- कटे हुए तरबूज को लंबे समय तक कमरे के तापमान पर न रखें।
- तरबूज को फ्रिज में स्टोर करें और 24 घंटे के भीतर खा लें।
- बाहर सड़क किनारे या खुले में बिकने वाले कटे फल खाने से बचें।
- अगर तरबूज के स्वाद और गंध में बदलाव लगे तो खाने से बचें।
क्या तरबूज बना जानलेवा?
कुछ लोग मानते हैं कि बिरयानी जैसे भारी भोजन के तुरंत बाद तरबूज खाने से पाचन संबंधी समस्या बढ़ सकती है। हालांकि एक्सपर्ट्स के अनुसार बिरयानी और तरबूज का यह कॉम्बिनेशन सीधे मौत का कारण बनता है इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। फूड पॉइजनिंग से हुई मौत की वजह अक्सर दूषित खाना या खराब फल हो सकता है।
