हेल्थ

स्विमिंग और रनिंग में कौन देता है ज्यादा फायदा, वजन घटाने से लेकर हार्ट को फिट रखने तक जानिए कौन है बेस्ट

Swimming vs Running: जैसा कि हम सभी जानते हैं स्विमिंग और रनिंग दोनों ही बेहतरीन एक्सरसाइज हैं, लेकिन दोनों में कौन ज्यादा फायदेमंद है? आइए जानते हैं आपके लिए क्या है बेस्ट।

Image

सेहत के लिए कौन सी एक्सरसाइज बेस्ट है स्विमिंग या रनिंग

Swimming vs Running: आपने अक्सर देखा होगा कि फिट रहने के लिए लोग अलग-अलग तरह की एक्सरसाइज करते हैं। इनमें स्विमिंग और रनिंग सबसे लोकप्रिय विकल्पों में गिनी जाती हैं। कुछ लोग सुबह पार्क में दौड़ना पसंद करते हैं, तो कुछ लोगों को पानी में तैरना ज्यादा अच्छा लगता है। लेकिन जब बात वजन घटाने, दिल को स्वस्थ रखने और शरीर को फिट बनाने की आती है, तो अक्सर सवाल उठता है कि आखिर दोनों में से बेहतर क्या है? यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. दिलीप गुडे बताते हैं कि स्विमिंग और रनिंग दोनों के अपने-अपने फायदे हैं। कौन-सी एक्सरसाइज आपके लिए ज्यादा अच्छी रहेगी, यह आपकी उम्र, फिटनेस और जरूरत पर निर्भर करता है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि किस मामले में कौन आगे है।

वजन कम करने के लिए कौन ज्यादा असरदार है

डॉ. दिलीप गुडे के अनुसार, अगर आपका मुख्य लक्ष्य वजन घटाना है, तो रनिंग थोड़ा ज्यादा फायदेमंद मानी जाती है। दौड़ने के दौरान () शरीर तेजी से ऊर्जा खर्च करता है, जिससे ज्यादा कैलोरी बर्न होती है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि स्विमिंग पीछे है। नियमित रूप से तैराकी करने से भी शरीर की अतिरिक्त चर्बी कम करने में मदद मिलती है और फिटनेस बेहतर होती है।

हार्ट को मजबूत रखने में दोनों हैं शानदार

स्विमिंग और रनिंग दोनों ऐसी एक्सरसाइज हैं जो दिल को स्वस्थ रखने में मदद करती हैं। इन्हें नियमित करने से शरीर में खून का बहाव बेहतर होता है और दिल को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती। यही वजह है कि डॉक्टर भी अक्सर किसी न किसी तरह की शारीरिक गतिविधि को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की सलाह देते हैं।

जोड़ों में दर्द है तो स्विमिंग हो सकती है बेहतर - Swimming benefits

डॉक्टर कहते हैं कि कई लोगों को घुटनों, कमर या टखनों में दर्द की शिकायत रहती है। ऐसे लोगों के लिए स्विमिंग अच्छा विकल्प हो सकती है। पानी में शरीर का भार कम महसूस होता है, इसलिए जोड़ों पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता। वहीं रनिंग करते समय शरीर का पूरा वजन पैरों पर आता है, इसलिए दर्द की समस्या वाले लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।

पूरे शरीर की एक्सरसाइज चाहिए तो क्या करें

दौड़ने से मुख्य रूप से पैरों और कमर के आसपास की मांसपेशियां सक्रिय होती हैं। जबकि स्विमिंग में हाथ, पैर, कंधे, पीठ और पेट समेत लगभग पूरा शरीर काम करता है। इसलिए अगर आप एक ऐसी एक्सरसाइज चाहते हैं जिससे पूरे शरीर की कसरत हो, तो स्विमिंग बेहतर विकल्प साबित हो सकती है।

आखिर किसे चुनना चाहिए

अगर आप ऐसी एक्सरसाइज चाहते हैं जिसे कहीं भी और बिना ज्यादा तैयारी के किया जा सके, तो रनिंग चुन सकते हैं। वहीं अगर आप जोड़ों पर कम दबाव डालते हुए पूरे शरीर को फिट रखना चाहते हैं, तो स्विमिंग बेहतर रहेगी। सबसे अच्छा तरीका यह है कि समय और सुविधा के अनुसार दोनों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। इससे शरीर भी फिट रहेगा और सेहत को दोगुना फायदा मिलेगा।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article