हेल्थ

Summer Effects: गर्मी के मौसम में क्यों होता है ब्लड प्रेशर का उतार-चढ़ाव, नोट करें जरूरी हेल्थ टिप्स

गर्मी का मौसम आते ही पसीना, थकान, चिड़चिड़ापन और डिहाइड्रेशन जैसे लक्षण दिखने लगते हैं। इसके अलावा ब्लड प्रेशर का बदलाव भी एक पहलू है, जो गर्मियों में दिखता है। आइए जानते हैं गर्मियों में कैसे रखें सेहत का ख्याल...

Image

गर्मी और ब्लड प्रेशर का संबंध

Summer Effects: गर्मी का मौसम आते ही कई लोग इससे होने वाली समस्याओं का सामना करते हैं, जैसे थकान, पसीना और डिहाइड्रेशन। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गर्मी का असर आपके ब्लड प्रेशर पर भी पड़ सकता है? एक्सपर्ट्स का कहना है कि बढ़ते तापमान के कारण शरीर को ठंडा रखने के लिए कई प्रक्रियाओं में बदलाव आता है, जिससे ब्लड प्रेशर के स्तर में उतार-चढ़ाव होता है।

जैसे ही गर्मी का मौसम दस्तक देता है, हमारे शरीर पर इसका असर साफ नजर आने लगता है, जैसे पसीना, थकान, चिड़चिड़ापन और डिहाइड्रेशन इसके सामान्य लक्षण हैं। इन आम समस्याओं के बीच एक और अहम पहलू है, जिस पर अक्सर हमारा ध्यान नहीं जाता है, वह है ब्लड प्रेशर का बदलाव। बढ़ते तापमान का असर सिर्फ बाहरी नहीं, बल्कि शरीर के अंदरूनी सिस्टम खासकर हार्ट और ब्लड प्रेशर पर भी पड़ता है। आइए जानते हैं गर्मी के मौसम में कैसे रखें दिल की सेहत का ख्याल?

गर्मी में क्यों बदलता है ब्लड प्रेशर?

गर्मी में शरीर खुद को ठंडा रखने के लिए कई तरह के बदलाव करता है। इन्हीं प्रक्रियाओं के कारण ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है। जिसमें सबसे पहले बात डिहाइड्रेशन की आती है। अधिक पसीना आने से शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है, जिससे शरीर में खून की मात्रा घटती है और ब्लड प्रेशर लो हो सकता है। यही कारण है कि गर्मी में कई लोगों को चक्कर आना या कमजोरी महसूस होती है।

इसके दूसरी ओर गर्मी के कारण हमारे ब्लड वेसल्स फैल जाते हैं, जिसे वैसोडिलेशन कहा जाता है। यह प्रक्रिया शरीर को ठंडा रखने में मदद करती है, लेकिन इससे भी हमारा ब्लड प्रेशर कम हो सकता है। खासकर उन लोगों के लिए यह स्थिति चुनौतीपूर्ण हो सकती है, जिनका ब्लड प्रेशर पहले से ही लो रहता है।

दिल की सेहत पर गर्मी का असर

गर्म मौसम में दिल को पहले से ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर बनाए रखने के लिए हार्ट रेट बढ़ जाती है। वहीं लंबे समय तक ऐसी कंडीशन रहने पर दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है, जिससे हार्ट से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

इसके अलावा गर्मी के कारण शरीर में तनाव हार्मोन का लेवल भी बढ़ सकता है, जिससे कुछ मामलों में ब्लड प्रेशर अचानक हाई हो जाता है। यानी गर्मी में ब्लड प्रेशर का लो और हाई होना दोनों तरह के के खतरे मौजूद रहते हैं।

गर्मी में ब्लड प्रेशर को कैसे करें कंट्रोल?

गर्मी के इस मौसम में कुछ आसान लेकिन जरूरी सावधानियां अपनाकर ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखा जा सकता है।

1. इसमें हाइड्रेशन को समझना सबसे जरूरी है। दिनभर पर्याप्त पानी पीना शरीर को संतुलित रखने का सबसे आसान और प्रभावी तरीका है। इसके साथ ही हल्के और ढीले कपड़े पहनें, ताकि शरीर को ठंडक मिल सके।

2. इसके अलावा गर्मी में भारी एक्सरसाइज या धूप में ज्यादा मेहनत करने से बचें। सुबह और शाम का समय शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर होता है। साथ ही, अपने खानपान पर भी ध्यान दें। ऐसे में ताजे फल, हरी सब्जियां और कम नमक वाला भोजन ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है।

3. गर्मी के मौसम में कैफीन और अल्कोहल से दूरी बनाना भी जरूरी है, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। इसलिए इस मौसम में समय-समय पर ब्लड प्रेशर की जांच कराते रहें, ताकि किसी भी असामान्य बदलाव को समय रहते पहचाना जा सके।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article