हेल्थ

शाम के बाद तेज लाइट ऑन रखना दिल के लिए खतरा, रिसर्च ने बताई चौंकाने वाली वजह

Light Effects On Heart: शाम को तेज लाइट्स ऑन रखने की आदत आपके दिल की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। एक नई रिसर्च में पाया गया है कि ये आदत हार्ट अटैक और स्ट्रोक के खतरे को बढ़ा सकती है। जानें क्या कहते हैं विशेषज्ञ और कैसे रात में रोशनी कम रखना आपके दिल को बचा सकता है।

Image

Light Effects On Heart

Light Effects On Heart: आमतौर पर हम सभी जैसे ही सूरज ढलता है, घरों में लाइट्स ऑन कर लेते हैं। अब तो फोन, टीवी और बाहर की स्ट्रीट लाइट्स भी हमारे आस-पास हर समय रोशनी बनाए रखती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि शाम के बाद घर या कमरे में तेज लाइट्स रखना आपके दिल के लिए खतरा बन सकता है? हाल ही में आई रिसर्च ने इस बात पर मुहर लगा दी है कि रात में ज्यादा तेज रोशनी हमारे हार्ट पर बुरा असर डाल रही है। इस लेख में आसान भाषा में जानिए, ये रोशनी कैसे आपके दिल पर असर डालती है, क्या कहती है नई स्टडी और रोजमर्रा में किन बातों का ध्यान रखकर आप अपने हार्ट को बचा सकते हैं।

सर्केडियन रिदम क्यों है जरूरी?

हमारे शरीर की एक नेचुरल घड़ी होती है, जिसे 'सर्केडियन रिदम' (circadian rhythm) कहते हैं। यही घड़ी हमारे सोने-जागने, हार्मोन्स और बॉडी की दूसरी एक्टिविटी संभालती है। तेज रोशनी या स्क्रीन की लाइट इस रिदम को खराब कर देती है। जिससे शरीर कन्फ्यूज हो जाता है और सही तरीके से काम नहीं कर पाता।

रात की रोशनी और हार्ट पर असर

नई स्टडी में यह देखने को मिला है कि जो लोग रात को ज्यादा तेज लाइट्स, टीवी या मोबाइल की स्क्रीन से बचते नहीं हैं, उनमें हार्ट डिजीज, हाई बीपी और स्ट्रोक का खतरा ज्यादा रहता है। हर रात तेज रोशनी से सारी बॉडी फिजिकल स्ट्रेस में आ जाती है, जो धीरे-धीरे दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ा देता है।

रिसर्च में मिले चौंकाने वाले आंकड़े

रिसर्च के अनुसार, जो लोग सबसे ज्यादा तेज रोशनी के संपर्क में रहते हैं, उनमें कोरोनरी आर्टरी डिजीज का रिस्क 32% ज्यादा, हार्ट अटैक का खतरा 56% अधिक और स्ट्रोक का खतरा तकरीबन 30% ज्यादा देखा गया है। सबसे हैरान करने वाली बात ये थी कि ये रिस्क्स एक्सरसाइज, डाइट, नींद या जेनेटिक्स सब कुछ ध्यान में रखने के बावजूद बने रहे।

क्यों मोबाइल और टीवी देखने से बढ़ता है खतरा

रात को सोते वक्त फोन चेक करना या टीवी देखना न सिर्फ नींद खराब करता है, बल्कि दिल पर भी दबाव डालता है। तेज लाइट्स हार्मोन्स और पल्स रेट को बढ़ा देती हैं, जिससे शरीर में तनाव आता है और हार्ट को नुकसान पहुंच सकता है।

ऐसे में क्या करें?

रिसर्चर्स की सलाह है कि जैसे ही सूरज ढले, घर-ऑफिस या कमरे की लाइट्स हल्की कर लें। मोटे पर्दे लगाएं, ताकि बाहर की रोशनी घर में कम आए। सोते समय मोबाइल-टीवी से दूरी बनाएं और स्क्रीन ब्राइटनेस भी कम रखें। ये छोटी-छोटी बातें आपके दिल को लंबा साथ दे सकती हैं।

इस तरह अगर आप दिल की सेहत को लेकर सजग हैं तो आज ही अपने घर में रात के वक्त तेज लाइट्स कम करने की आदत डालें। ये सरल सी बात आपको कई बड़ी बीमारियों से बचा सकती है।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article