New Year 2026 Habits for Healthy Joint: नए साल में अगर आप सच में अपने शरीर को एक अच्छा तोहफा देना चाहते हैं, तो शुरुआत हड्डियों और जोड़ों की देखभाल से करनी चाहिए। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. कृष्णा सुब्रमण्यम बताते हैं कि मजबूत हड्डियां और हेल्दी जॉइंट्स ही हमारी उम्रभर की मोबिलिटी, एनर्जी और आजादी की नींव हैं। इसलिए न्यू ईयर 2026 में ऐसे रेजॉल्यूशन लें जो आपके जोड़ो की उम्र बढ़ा दें और लंबे समय तक दर्द से बचाएं।
मजबूत हड्डियों की सबसे जरूरी चाबी
डॉ. कृष्णा सुब्रमण्यम के अनुसार हड्डियों को मजबूत रखने के लिए कैल्शियम और विटामिन D सबसे जरूरी पोषक तत्व हैं। दूध, दही, चीज, हरी सब्जियां, टोफू और सॉफ्ट बोन फिश जैसे सार्डिन-सैल्मन कैल्शियम के अच्छे स्त्रोत हैं। जबकि विटामिन D के लिए सुरक्षित धूप और जरूरत पड़ने पर सप्लिमेंट्स लेना फायदेमंद है। इससे बोन स्ट्रेंथ बढ़ती है और जॉइंट हेल्थ बेहतर होती है।
रोज थोड़ा चलें
वॉकिंग, जॉगिंग, योगा, सीढ़ियां चढ़ना और हाइकिंग जैसी वेट-बियरिंग एक्सरसाइज बोन डेंसिटी को बढ़ाती हैं। वहीं स्विमिंग, साइकलिंग और डांसिंग जोड़ों पर प्रेशर कम डालते हैं, जिससे गठिया या दर्द वाले लोगों को राहत मिलती है। ये आदतें मांसपेशियों को सपोर्ट देती हैं और जॉइंट्स को फ्लेक्सिबल रखती हैं।
डेस्क जॉब वालों के लिए अलार्म की जरूरत
लंबे समय तक बैठना जॉइंट स्टिफनेस, बैक-पेन, नेक-पेन और मसल वीकनेस की वजह बन जाता है। इसलिए डॉक्टर सलाह देते हैं कि हर घंटे स्ट्रेचिंग, थोड़ा चलना, शोल्डर और बैक स्ट्रेच करना जरूरी है। ऐसा करने से ब्लड सर्क्युलेशन सुधरता है और जॉइंट्स पर दबाव कम होता है।
सही पोस्चर
गलत बैठने, खड़े होने और उठने की आदतें रीढ़ और जोड़ों पर दबाव डालती हैं। इसलिए रोजमर्रा में सही पोस्चर रखें, वर्कआउट से पहले वॉर्म-अप करें और जरूरत होने पर सपोर्ट, बेल्ट या ऑर्थोटिक्स का इस्तेमाल करें। इससे चोट का खतरा कम होता है और जॉइंट्स लंबे समय तक सही चलते हैं।
शराब-सिगरेट कम करें
डॉक्टर साफ कहते हैं कि स्मोकिंग और ज्यादा शराब हड्डियों की हीलिंग और स्ट्रेंथ पर असर डालती है। इससे बोन लॉस और जोड़ों का दर्द बढ़ सकता है। इसलिए हेल्दी हड्डियों के लिए इन आदतों को कंट्रोल करना नए साल का सबसे मजबूत रेजॉल्यूशन हो सकता है।
नया साल शुरू करते वक्त अगर आप ये छोटे-छोटे रेजॉल्यूशन अपना लें, तो हड्डियां और जोड़ उम्रभर साथ निभाएंगी। सही खानपान, एक्टिव लाइफस्टाइल और नियमित स्ट्रेचिंग आपकी जॉइंट हेल्थ को सालों तक सुरक्षित रख सकती है।
