हेल्थ

सर्दी-जुकाम से बचाएगा Vitamin C, मानसून में डॉक्टरों की ये सलाह जरूर मानें

Monsoon Health Tips: मानसून में वायरल का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में डॉक्टर विटामिन C से भरपूर चीजें खाने की सलाह देते हैं, ताकि इम्यूनिटी मजबूत रहे और शरीर स्वस्थ बना रहे।

Image

सर्दी-जुकाम से बचाएगा Vitamin C

Monsoon Health Tips: बारिश के मौसम में सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार, पेट से जुड़ी समस्याएं और मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों का खतरा भी काफी बढ़ जाता है। थोड़ी-सी लापरवाही भी आपको कई दिनों तक बीमार कर सकती है। ऐसे में डॉक्टर हमेशा यही सलाह देते हैं कि मानसून में सिर्फ साफ-सफाई का ध्यान रखना ही काफी नहीं है, बल्कि शरीर की इम्यूनिटी को भी मजबूत बनाना जरूरी है। यही वजह है कि इस मौसम में विटामिन C को सबसे जरूरी पोषक तत्वों में से एक माना जाता है। विटामिन C शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को सपोर्ट करता है और संक्रमण से लड़ने में मदद करता है। हालांकि, यह किसी बीमारी का इलाज नहीं है, लेकिन नियमित रूप से इसके सेवन से शरीर खुद को बेहतर तरीके से सुरक्षित रखने में सक्षम बनता है।

मानसून में क्यों बढ़ जाता है बीमारियों का खतरा

बारिश के मौसम में वातावरण में नमी बढ़ जाती है, जिससे बैक्टीरिया, वायरस और फंगस तेजी से पनपते हैं। कई जगहों पर पानी जमा हो जाता है, जिससे मच्छरों की संख्या बढ़ती है और डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसके अलावा इस मौसम में दूषित पानी और खराब भोजन खाने से पेट के संक्रमण, फूड पॉइजनिंग और दस्त जैसी समस्याएं भी आम हो जाती हैं। मौसम में लगातार बदलाव होने की वजह से शरीर को खुद को नए वातावरण के अनुसार ढालने में समय लगता है। यदि इम्यूनिटी कमजोर हो तो संक्रमण जल्दी पकड़ लेता है। इसलिए मानसून में खानपान और जीवनशैली दोनों पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

Vitamin C इम्यूनिटी के लिए क्यों है जरूरी?

Vitamin C एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है, जो शरीर की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करता है। यह सफेद रक्त कोशिकाओं के सामान्य कार्य को सपोर्ट करता है, जो शरीर को संक्रमण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इसके अलावा विटामिन सी कोलेजन बनाने में भी मदद करता है। कोलेजन त्वचा, रक्त वाहिकाओं, हड्डियों और घावों को जल्दी भरने के लिए जरूरी होता है। यही कारण है कि डॉक्टर संतुलित मात्रा में विटामिन सी लेने की सलाह देते हैं।

इन फूड्स को डाइट में जरूर करें शामिल

इनमें सबसे पहले आंवला आता है, जिसे विटामिन सी का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। इसके अलावा अमरूद, संतरा, मौसंबी, नींबू, कीवी, स्ट्रॉबेरी, टमाटर, शिमला मिर्च और ब्रोकोली भी शरीर को अच्छी मात्रा में विटामिन सी देते हैं। आप सुबह गुनगुने पानी में नींबू मिलाकर पी सकते हैं, नाश्ते में अमरूद या संतरा खा सकते हैं और सलाद में टमाटर व शिमला मिर्च शामिल कर सकते हैं। इस तरह बिना किसी अतिरिक्त खर्च के भी आप अपनी डाइट को ज्यादा पौष्टिक बना सकते हैं।

क्या विटाामिन सी सप्लीमेंट लेना जरूरी है

कई लोग सोचते हैं कि इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए विटाामिन सी की गोलियां लेना सबसे आसान तरीका है, लेकिन डॉक्टरों का मानना है कि यदि आपकी डाइट संतुलित है और आप रोजाना फल एवं सब्जियां खाते हैं, तो ज्यादातर लोगों को अलग से सप्लीमेंट की जरूरत नहीं पड़ती। अगर किसी व्यक्ति में विटाामिन सी की कमी हो या डॉक्टर किसी विशेष कारण से सप्लीमेंट लेने की सलाह दें, तभी उनका सेवन करना चाहिए। बिना सलाह के अधिक मात्रा में सप्लीमेंट लेना हमेशा सही नहीं माना जाता।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article