हेल्थ

बाजार में धड़ल्ले बिक रहा जहरीला खीरा, खाने से पहले जरूर जान लें ये बात, जानिए किस तरह करें सेवन

  • Authored by: Vineet
  • Updated Apr 28, 2025, 02:34 PM IST

How To Eat Cucumber In Hindi: खीरा खाने से शरीर को ठंडक मिलती है और सेहत भी सुधरती है, लेकिन अगर सही तरीके से सफाई नहीं की गई तो यही सेहत का दुश्मन बन सकता है। बाजार में बिक रहा हर चमकदार खीरा सेहतमंद नहीं होता। अगर आप भी बाजार से चिकने-चिकने खरीदकर लाते हैं, तो यह आर्टिकल आपके लिए ही है। अनजाने में आप सेहत के लिए जहर खरीद रहे हैं, इसे सही तरीके से खाना बहुत जरूरी है।

How To Eat Cucumber In Hindi

How To Eat Cucumber In Hindi

How To Eat Cucumber In Hindi: गर्मी के मौसम में खीरा सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली चीजों में से एक है। चाहे सलाद में हो या ऐसे ही खाया जाए, खीरा शरीर को ठंडक देने के लिए बेहतरीन माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बाजार में बिकने वाला खीरा अब सेहत के लिए खतरा बनता जा रहा है? हाल ही में झारखंड के पटमदा इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहाँ बिना धोए खीरा खाने से एक बच्चे की जान चली गई। खीरे पर छिड़के गए जहरीले कीटनाशक उसकी मौत का कारण बने। इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है क्या हम जो खीरा बाजार से खरीद रहे हैं, वह सुरक्षित है? इसीलिए आज हम आपको बताएंगे कि खीरा खरीदने से लेकर खाने तक किन बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि आप और आपका परिवार सुरक्षित रहें।

बिना धोए खीरा खाना पड़ सकता है भारी

कई बार लोग बाजार से खीरा लाते हैं और बिना ज्यादा सोच-विचार किए बस धोकर या कभी-कभी बिना धोए ही खा लेते हैं। लेकिन असलियत यह है कि बाजार का खीरा अक्सर तेज कीटनाशकों के छिड़काव से भरा होता है। खेतों में जल्दी फसल उगाने और ताजगी बनाए रखने के लिए किसान खीरे पर भारी मात्रा में कीटनाशक डालते हैं। अगर आप बिना सही सफाई के इसे खाते हैं, तो यह सीधे आपके शरीर में जहर पहुंचा सकता है। इससे फूड प्वाइजनिंग, पेट में दर्द, उल्टी जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।

खीरे को साफ करने के सही तरीके अपनाएं

अगर आप चाहते हैं कि खीरे के साथ सेहत को नुकसान न पहुंचे, तो उसकी सफाई में बिल्कुल भी लापरवाही न बरतें। सबसे पहले तो खीरे को सिरके और पानी के घोल में करीब 10-15 मिनट तक भिगो दें। सिरका कीटनाशकों को हटाने में मदद करता है। अगर सिरका नहीं है तो आप बेकिंग सोडा या नमक मिले पानी में भी खीरा भिगो सकते हैं। बाद में उसे साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। याद रखें, सिर्फ पानी से हल्का-फुल्का धो लेना काफी नहीं है। खीरे को गुनगुने पानी से भी धो सकते हैं ताकि कीटनाशक के अंश हट जाएं।

छिलका उतारने से खतरा और कम हो सकता है

अगर खीरा बहुत अधिक चिकना या चमकदार दिखाई दे रहा है तो समझ जाइए कि उसमें केमिकल्स की मात्रा ज्यादा हो सकती है। ऐसे में बेहतर रहेगा कि आप खीरे का छिलका उतारकर ही खाएं। हालांकि खीरे के छिलके में भी कई पोषक तत्व होते हैं, लेकिन जब मामला सेहत का हो, तो थोड़ी सी सावधानी ज्यादा जरूरी है।

अच्छे स्रोत से ही खरीदें खीरा

जब भी खीरा खरीदें तो कोशिश करें कि वह किसी भरोसेमंद जगह से खरीदा गया हो। लोकल किसानों से सीधा खरीदना बेहतर होता है, जहाँ आपको खीरे पर कम से कम केमिकल के इस्तेमाल की गारंटी मिल सके। अगर आपके आस-पास जैविक यानी ऑर्गेनिक खीरा मिल रहा हो, तो उसे प्राथमिकता दें। भले ही ऑर्गेनिक खीरा थोड़ा महंगा पड़े, लेकिन आपकी सेहत उसके सामने कहीं ज्यादा कीमती है।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
Vineet author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article