तेजी से खराब होता खानपान और बिगड़ती दिनचर्या दोनों चीजें मिलकर हमारी सेहत के लिए कई तरह की हेल्थ प्रॉब्लम पैदा कर रहे हैं। इसी कड़ी में कब्ज एक ऐसी समस्या है जिससे आज सभी आयु वर्ग के लोग परेशान दिखाई देते हैं। खाने का कोई समय तय न होना, खाने में फाइबर की कमी और पानी का इंटेक कम होना कब्ज होने की ये कुछ मुख्य वजह साबित होती हैं। कब्ज या पेट से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए आयुर्वेद में कई तरह के कारगर नुस्खे बताए गए हैं। आज ऐसा ही कब्ज के लिए प्रेमानंद महाराज द्वारा बताया गया एक कारगर नुस्खा हम आपको बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...
कब्ज के लिए प्रेमानंद महाराज का नुस्खा
कब्ज की समस्या से राहत पाने के लिए प्रेमानंद महाराज ने एक देसी कारगर नुस्खा बताया है। उन्होंने बताया कि 1 चम्मच हरड़ का चूर्ण और 1 चम्मच इसबगोल की भूसी लेकर इसे 250 ग्राम दूध में भिगोकर रोज रात में सोने से पहले पी लें। इस तरह लगभग 8-10 दिन में ये नुस्खा आपकी कब्ज की समस्या को जड़ से खत्म कर देगा। प्रेमानंद जी ने कहा कि कब्ज के लिए अचूक इस नुस्खे का कोई साइड इफेक्ट भी नहीं है।
कब्ज के लिए देसी उपाय
इसके लिए आप 1 गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच घी, आधा चम्मच सेंधा नमक और एक चम्मच त्रिफला चूर्ण डालकर रात भर के लिए छोड़ दें। इस तरह तैयार इस ड्रिंक को आप सुबह खाली पेट पिएं। ये देसी ड्रिंक आपके पेट में जमा गंदगी को पूरी तरह साफ कर आपको कब्ज की समस्या से निजात दिलाता है। देसी घी आपकी आंतों को लुब्रिकेट करता है, वहीं सेंधा नमक आपके पाचन तंत्र को मजबूत करता है और त्रिफला आंतों की सफाई में मदद करता है।
कब्ज के लिए आसान घरेलू उपाय
- कब्ज दूर करने के लिए आप अपनी डाइट में फाइबर से भरपूर चीजों को जरूर शामिल करें।
- अंजीर और मुनक्का जैसे ड्राई फ्रूट भी आपकी कब्ज को ठीक कर सकते हैं।
- पेट से संबंधित कुछ आसन जैसे भुजंगासन, पवनमुक्तासन भी कब्ज से आपको निजात दिलाते हैं।
- इसके अलावा रोजाना कम से कम 3-4 लीटर पानी पीने से भी आपकी कब्ज ठीक होती है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
