आजकल जहां हम देख रहे हैं कि मोटापा एक आम और बढ़ती हुई समस्या बन गया है, वहीं एक ऐसा देश है जिसने इस चुनौती को बड़ी समझदारी से मात दी है- वह देश है फ्रांस। हैरानी की बात ये है कि पिछले दो दशकों में वहां मोटापे के मामलों में लगातार गिरावट आई है, जबकि बाकी दुनिया उल्टी दिशा में जा रही है। तो सवाल ये उठता है कि आखिर फ्रांस के लोग ऐसा क्या करते हैं जो उन्हें हेल्दी और फिट बनाए रखता है?
दरअसल, उनका रहन-सहन, खाने का तरीका, और खाने के प्रति सोच ही इतनी संतुलित है कि उन्हें डाइटिंग की जरूरत ही नहीं पड़ती। सोशल मिडिया पर एक फिटनेस इन्फ्लूएंसर और हेल्थ कोच ब्रिटनी थोमस ने फ्रांस के लोगों की कुछ ऐसी आदतें शेय की हैं, जिन्हें अपनाकर हर कोई फिट बन सकता है। आइए जानते हैं फ्रांस के लोगों की वो आसान आदतें जिन्हें हम भी अपनी जिंदगी में शामिल कर सकते हैं, बिना कोई बड़ा बदलाव किए।
1. तय समय पर खाना
फ्रांस में लोग दिनभर कुछ-कुछ खाने के बजाय एक तय समय पर नाश्ता, दोपहर और रात का खाना खाते हैं। इससे शरीर को खाना पचाने का वक्त मिलता है और भूख भी सही समय पर लगती है।
2. खाना कम लेकिन स्वाद से भरपूर
यहां लोग प्लेट भरकर नहीं खाते। वे छोटे हिस्सों में खाना खाते हैं, लेकिन हर निवाले का मजी लेते हैं। इससे पेट भी भरता है और जरूरत से ज्यादा नहीं खाया जाता।
3. कम प्रोसेस्ड खाना
फ्रेंच लोग बाजार में मिलने वाले पैकेट वाले या ज्यादा प्रोसेस्ड खाने से दूर रहते हैं। वे ताजे और घर में बने खाने को तवज्जो देते हैं।
4. धीरे-धीरे और आराम से खाना
यहां एक खाना खाने में 45 मिनट से ज्यादा लग सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि वे हर बाइट को एंजॉय करते हैं और जल्दी-जल्दी खाने में यकीन नहीं रखते।
5. बार-बार स्नैकिंग नहीं
फ्रांस में लोगों के बीच खाने के बीच में कुछ भी खाते रहने की आदत नहीं है। इससे अनावश्यक कैलोरी से बचा जा सकता है।
6. कोर्स में खाना परोसना
यहां खाने को एक कोर्स में परोसा जाता है - पहले सलाद, फिर मेन कोर्स, फिर थोड़ा सा मीठा। इससे एक ही चीज की बहुत ज्यादा मात्रा नहीं खाई जाती।
7. सब्जियों की खास जगह
ताजे, मौसमी और रंग-बिरंगी सब्जियां यहां रोज के खाने में शामिल होती हैं, और इन्हें सिर्फ साइड डिश नहीं माना जाता।
8. पानी है पसंदीदा ड्रिंक
फ्रांस में खाने के साथ सबसे ज्यादा पानी पिया जाता है। वाइन भी लेते हैं लेकिन बहुत सीमित मात्रा में। कोल्ड ड्रिंक और मीठे पेय ज्यादा नहीं चलते।
9. कम लेकिन अच्छा खाना
यहां सोच ये है कि थोड़ा खाओ लेकिन अच्छा खाओ। यानि जो खाओ वो स्वादिष्ट, पौष्टिक और ताजा हो।
10. ताजा ब्रेड
फ्रेंच ब्रेड ताजी और बिना प्रिजरवेटिव्स वाली होती है, जो कि डेली बेक की जाती है। प्रोसेस्ड ब्रेड की तुलना में ये ज्यादा हेल्दी होती है।
11. चलना रोज की आदत
फ्रांस में लोग ज्यादातर पैदल चलते हैं चाहे वो काम पर जाना हो, मार्केट जाना हो या दोस्तों से मिलना। ये उनकी लाइफस्टाइल का हिस्सा है।
12. पब्लिक ट्रांसपोर्ट से चलता है देश
अच्छी पब्लिक ट्रांसपोर्ट होने के चलते लोग गाड़ी से कम और मेट्रो या बस से ज्यादा चलते हैं, जिससे पैदल चलना बढ़ता है।
13. कैफे में खड़े होकर कॉफी
फ्रेंच कैफे में लोग अक्सर खड़े होकर कॉफी पीते हैं, जिससे बैठने की बजाय शरीर में हलचल बनी रहती है।
14. बच्चों पर नहीं होता जंक फूड का हमला
यहां बच्चों को जंक फूड के विज्ञापनों से बचाने के लिए सख्त नियम हैं। इससे बच्चों की आदतें शुरुआत से ही बेहतर बनती हैं।
15. स्कूलों में मिलती है सही खान-पान की शिक्षा
फ्रांस में स्कूलों में बच्चों को संतुलित भोजन, टेबल मैनर्स और पोषण के बारे में सिखाया जाता है-जो जीवनभर साथ देता है।
16. खाना आनदं लेकर खाएं
यहां खाना सिर्फ पेट भरने या बीमारी से बचने का जरिया नहीं, बल्कि एक सुखद अनुभव है। यही सोच उन्हें तनावमुक्त और फिट रखती है।
17. डाइटिंग का झंझट नहीं
यहां लोग बार-बार डाइटिंग नहीं करते। रोज के खाने में ही बैलेंस रखते हैं, जिससे वजन अपने आप काबू में रहता है।
18. खाना एक सोशल एक्टिविटी है
यहां खाना अकेले या जल्दी में नहीं खाया जाता। दोस्त, परिवार और बातों के साथ खाना खाया जाता है, जिससे ना सिर्फ पेट बल्कि मन भी भरता है।
19. सोच-समझ कर खाना ज्यादा
फ्रांस में 24 घंटे खुले फूड स्टोर्स, ड्राइव-थ्रू और जंक फूड की दुकानों की भरमार नहीं है, जिससे लोग ज्यादा सोच-समझ कर खाना खाते हैं।
20. किचन से जुड़ाव
यहां ज्यादातर लोगों को बुनियादी खाना पकाना आता है। इसका मतलब है कि वे जानते हैं उनके खाने में क्या जा रहा है और वही खाते हैं जो उनके शरीर के लिए सही है।
जरूरी नहीं कि हम फ्रांस चले जाएं या उनकी हर चीज कॉपी करें। लेकिन उनकी कुछ हेल्दी आदतें जैसे धीरे-धीरे खाना, खाना एंजॉय करना, चलना और असली खाने को प्राथमिकता देना हमारी जिंदगी में फिट और खुश रहने के आसान टूल्स हो सकते हैं। आखिरकार, हेल्दी लाइफ वही है जो हम खुशी से जी सकें, न कि जिसे जबरदस्ती अपनाना पड़े।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
