Fennel Seeds Benefits in Hindi: हमारी रसोई में अक्सर मौजूद रहने वाली सौंफ सिर्फ खाने के बाद मुंह की ताजगी के लिए ही नहीं, बल्कि सेहत का खजाना भी है। छोटे-से इस बीज में इतने पोषक तत्व छिपे हैं कि इसे आयुर्वेद में प्राकृतिक औषधि कहा गया है। वैज्ञानिक शोध भी बताते हैं कि सौंफ का नियमित सेवन शरीर को अंदर से मजबूत बनाने के साथ कई बीमारियों से बचाव कर सकता है।
अमेरिका की नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की रिपोर्ट के मुताबिक, सौंफ में एंटीऑक्सीडेंट्स, फाइबर, विटामिन-सी, कैल्शियम, पोटेशियम और मैग्नीशियम भरपूर होते हैं। इनमें पाए जाने वाले फेनोलिक एसिड और फ्लावोनोइड्स शरीर को हानिकारक तत्वों से लड़ने की ताकत देते हैं।
पाचन शक्ति का सहारा
सौंफ पेट के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती है। अगर खाने के बाद गैस या अपच महसूस हो, तो सौंफ चबाने से तुरंत राहत मिलती है। यह पाचन एंजाइम को सक्रिय करती है और पेट की मांसपेशियों को आराम देती है।
वजन घटाने में मददगार
रिसर्च के अनुसार, सौंफ भूख को नियंत्रित करने में भी काम आती है। इसे चबाने से लार अधिक बनती है और पेट भरा-भरा लगता है, जिससे अनावश्यक खाने की आदत कम होती है। इस तरह यह वजन घटाने में सहायक साबित हो सकती है।
सूजन और दर्द से राहत
सौंफ में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण शरीर की सूजन को कम करते हैं। यह जोड़ों के दर्द, मासिक धर्म के समय ऐंठन और मांसपेशियों के खिंचाव में आराम देती है। खासकर महिलाओं के लिए इसका सेवन फायदेमंद माना गया है।
सांसों में ताजगी
सौंफ प्राकृतिक माउथ फ्रेशनर है। इसमें मौजूद तेल मुंह की दुर्गंध को दूर करते हैं और सांसों में ताजगी लाते हैं। यही कारण है कि होटल या शादी-ब्याह में खाने के बाद सौंफ दी जाती है।
रिसर्च का नतीजा
हाल ही में पाकिस्तान के लाहौर विश्वविद्यालय में किए गए अध्ययन में भी सौंफ को बेहतरीन एंटीऑक्सीडेंट स्रोत बताया गया है। इसमें मौजूद यौगिक फ्री रेडिकल्स को खत्म कर शरीर को उम्र बढ़ने और बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं।
सौंफ सिर्फ स्वाद और खुशबू का जरिया नहीं है, बल्कि यह सेहत का भंडार है। पाचन से लेकर वजन घटाने और दर्द से राहत तक, इसके फायदे कई हैं। सही मात्रा में इसका सेवन आपको प्राकृतिक रूप से स्वस्थ रख सकता है।
Inputs: IANS
